मस्तिष्क हमारे पूरे शरीर को नियंत्रित करने वाला अंग है, यही कारण है कि इसके विशेष देखभाल की भी आवश्यकता होती है। लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के साथ कई तरह की पर्यावरणीय स्थितियों के कारण इस अंग से संबंधित दिक्कतें बढ़ती देखी जा रही हैं। यहां तक कि कम उम्र के लोग भी मस्तिष्क रोगों के शिकार पाए जा रहे हैं। मस्तिष्क (ब्रेन) में ट्यूमर वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ती ऐसी ही एक समस्या है।
Brain Tumor: सिर में अक्सर होता रहता है दर्द तो हो जाइए सावधान, कहीं आपको ब्रेन ट्यूमर तो नहीं?
ब्रेन ट्यूमर और इसके कारण
जॉन्स हॉप्किंस के विशेषज्ञ कहते हैं, बहुत से मामलों में ब्रेन ट्यूमर के कारण अज्ञात होते हैं। कई बार आनुवांशिकता और पर्यावरणीय जोखिम कारक इसके लिए जिम्मेदार माने जाते हैं। कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों में ब्रेन ट्यूमर का जोखिम अधिक देखा जाता रहा है। ब्रेन ट्यूमर के सभी मामले कैंसर वाले हों ये जरूरी नहीं है। समय पर इलाज से इसके गंभीर रूप लेने का खतरा कम किया जा सकता है।
डॉक्टर बताते हैं कुछ बहुत सामान्य से लक्षण भी ट्यूमर की तरफ संकेत देते हैं जिनपर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।
अक्सर होने वाले सिरदर्द को न करें इग्नोर
रांची रिम्स में न्यूरोसर्जन डॉ विकास कुमार बताते हैं, ब्रेन ट्यूमर के लक्षण ट्यूमर के आकार और स्थान पर निर्भर करते हैं। कई मामलों में लक्षण इस बात पर भी निर्भर करते हैं कि ब्रेन ट्यूमर कितनी तेजी से बढ़ रहा है? सिरदर्द होना इसका प्रारंभिक संकेत माना जाता है। अक्सर होने वाले सिरदर्द को अनदेखा न करें।
सिर में दर्द या दबाव जो सुबह के समय ज्यादा बढ़ जाता है या अक्सर बने रहने वाला सिरदर्द कई मामलों में ब्रेन ट्यूमर का संकेत हो सकता है। अगर आपको भी इस तरह की दिक्कत रहती है तो डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
ब्रेन ट्यूमर के अन्य लक्षण
लगातार या तेज सिरदर्द की समस्या के अलावा बिना स्पष्ट कारण के उल्टी और मतली की दिक्कत होते रहना भी ट्यूमर का संकेत हो सकता है। ट्यूमर की समस्या वाले कई लोगों में धुंधला दिखने, दृष्टि में परिवर्तन या दोहरी दृष्टि जैसी दिक्कत भी देखी जाती रही है।
ब्रेन ट्यूमर की स्थिति शारीरिक संतुलन और समन्वय की समस्याएं जैसे चलने या बैठने में कठिनाई भी पैदा कर सकता है। इसके कारण बोलने में समस्या, शब्दों को याद रखने में कठिनाई होना, व्यक्तित्व या व्यवहार में परिवर्तन भी देखा जाता रहा है। सुस्ती या अत्यधिक नींद आना भी इस गंभीर समस्या की तरफ इशारा माना जाता है।
इन सभी लक्षणों पर ध्यान देते रहें। अगर आपको इनमें से दो-तीन दिक्कतें कुछ समय से बनी हुई हैं तो इस बारे में डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
ब्रेन ट्यूमर में लक्षण नजर आना जरूरी नहीं
डॉक्टर बताते हैं, ब्रेन ट्यूमर में हर बार लक्षण नजर आएं ऐसा भी जरूरी नहीं है। कई मामलों में, विशेषकर वयस्कों में ट्यूमर अक्सर इतनी धीमी गति से बढ़ता है कि इस पर ध्यान नहीं जाता। कुछ स्थितियों में ट्यूमर तब तक लक्षण पैदा नहीं करते हैं जब तक कि इससे मस्तिष्क के अंदर स्वस्थ ऊतक या हिस्से बाधित न होने लग जाएं। यही वजह है कि शरीर में होने वाले छोटे-छोटे परिवर्तनों को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। समय पर निदान से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के खतरे से बचा जा सकता है।
-------------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।