बहुत सारे लोग ऐसे हैं जो घर में भी मुर्गियों और बतखों को पालते हैं और उनके पास जाकर, उन्हें गले लगाकर या चुंबन लेकर उन्हें प्यार भी करते हैं, लेकिन ऐसा करना खतरनाक हो सकता है। अमेरिका के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र यानी सीडीसी ने इसे लेकर एक चेतावनी जारी की है। सीडीसी ने लोगों से अपील की है कि वे मुर्गियों और बतखों को गले लगाने या चुंबन लेने से बचें, क्योंकि इससे खतरनाक बीमारी हो सकती है और अगर बीमारी होने के बाद स्थिति गंभीर हुई तो जान जाने का भी खतरा है। सीडीसी के मुताबिक, मुर्गियों और बतखों से साल्मोनेला कीटाणु फैल सकते हैं और सबसे ज्यादा डरने वाली बात ये है कि कई ऐसी दवाएं हैं, जिनका इसपर कोई असर नहीं होता। अमेरिका के 46 राज्यों में अब तक इसके 474 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 103 मरीज फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं और एक की मौत हो चुकी है।
सीडीसी की चेतावनी: मुर्गियों-बतखों को छूने के बाद न करें ये काम, हो सकती है खतरनाक बीमारी
सीडीसी के मुताबिक, अमेरिका में साल्मोनेला से पीड़ित 271 लोगों में से 77 फीसदी वैसे लोग हैं, जो मुर्गियों या बतखों के सीधे संपर्क में थे या उनके घरों के पीछे पॉल्ट्री फार्म था या वे मुर्गियों या बतखों के साथ खेले-कूदे हैं, उन्हें गले लगाया है, किस किया है, जिससे वो संक्रमित हो गए।
सीडीसी का कहना है कि घरों में मुर्गी और बतख पालने वाले लोगों को साल्मोनेला से संक्रमित होने खतरा अधिक होता है, भले ही उनकी मुर्गी या बतख स्वस्थ ही क्यों न हों। विशेषज्ञ कहते हैं कि ये साल्मोनेला किटाणु ऐसा है, जो किसी भी इंसान को संक्रमित कर सकता है और आसानी से फैल सकता है।
कैसे हो सकता है इंसान संक्रमित?
- सीडीसी के मुताबिक, अगर आप मुर्गियों को छूते हैं, उन्हें गले लगाते हैं, किस करते हैं, तो इससे आप भी संक्रमित हो सकते हैं। अगर आपको भी मुर्गियों और बतखों से बहुत ज्यादा लगाव है तो यह जरूरी है कि उन्हें छूने के बाद हाथों और पैरों को अच्छी तरह साबुन-पानी से धोएं। इसके अलावा उनके अंडों को रखने या बनाने से पहले भी अच्छे से साफ करना चाहिए, ताकि संक्रमण की संभावना न हो।
साल्मोनेला संक्रमण के लक्षण क्या हैं?
- सीडीसी के मुताबिक, साल्मोनेला से संक्रमित अधिकांश लोग दस्त, बुखार और पेट में ऐंठन का अनुभव करते हैं। ये लक्षण आमतौर पर बैक्टीरिया के शरीर में प्रवेश करने के छह घंटे से लेकर छह दिन बाद शुरू होते हैं। इससे संक्रमित ज्यादातर लोग चार से सात दिन बाद बिना इलाज के ठीक हो जाते हैं। कुछ लोग, विशेष रूप से पांच साल से कम उम्र के बच्चे, 65 साल और उससे अधिक उम्र के वयस्क और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोग, अधिक गंभीर बीमारियों का अनुभव कर सकते हैं, जिनके लिए चिकित्सा उपचार या अस्पताल में भर्ती की आवश्यकता होती है।
स्रोत और संदर्भ:
Salmonella Outbreaks Linked to Backyard Poultry
https://www.cdc.gov/salmonella/backyardpoultry-05-21/index.html
अस्वीकरण नोट: यह लेख सीडीसी की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। किसी भी तरह की बीमारी के लक्षण हों अथवा आप किसी रोग से ग्रसित हों तो अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।