कैंसर के कारण हर साल लाखों लोगों की मौत हो जाती है। पुरुषों में प्रोस्टेट और लंग्स, जबकि महिलाओं में स्तन और सर्वाइकल कैंसर के मामले सबसे ज्यादा रिपोर्ट किए जाते हैं। वैश्विक आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि स्तन कैंसर के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। स्तन कैंसर दुनियाभर में दूसरा सबसे आम और महिलाओं में होने वाले कैंसर में टॉप पर है।
Cancer: हर साल छह लाख से अधिक महिलाओं की इस कारण हो जाती है मौत, बचाव के लिए आज से ही शुरू करें ये उपाय
क्यों होता है स्तन कैंसर?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, स्तन कैंसर महिलाओं में होने वाले सबसे सामान्य प्रकार के कैंसर में से एक है। इसके कारण कई प्रकार के होते हैं। आनुवंशिक और पर्यावरणीय कारकों के साथ दिनचर्या की गड़बड़ी भी इसका खतरा बढ़ाने वाली मानी जाती है। अध्ययनों से पता चलता है कि हार्मोनल असंतुलन जैसे एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन जैसे हार्मोन्स का स्तर बढ़ जाने के कारण स्तन कैंसर होने का खतरा अधिक हो सकता है।
इसके अलावा मोटापा को भी इसका जोखिम बढ़ाने वाला पाया गया है। अत्यधिक शराब पीने या धूम्रपान करने से भी आप इसका शिकार हो सकती हैं।
शारीरिक रूप से सक्रिय रहें
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कुछ आसान से उपायों को अपनाकर आप स्तन कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर सकती हैं। इसके लिए नियमित व्यायाम जरूरी है।
शारीरिक रूप से सक्रिय रहकर न केवल आप वजन को नियंत्रित कर सकती हैं, साथ ही ये हार्मोनल असंतुलन को भी कम करता है। दिन में 30 मिनट की नियमित शारीरिक गतिविधि स्तन कैंसर के खतरे को कम करती सकती है। अगर आप नियमित व्यायाम करती हैं तो इससे कई अन्य प्रकार की क्रोनिक बीमारियों का भी खतरा कम हो सकता है।
एंटीऑक्सीडेंट आहार का सेवन
फल-सब्जियां, साबुत अनाज और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर आहार का सेवन करना संपूर्ण स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए जरूरी है। वसा, शर्करा और तले हुए भोजन नुकसानदायक माने जाते हैं। स्वस्थ वजन बनाए रखने के साथ कैंसर को जोखिमों से बचाव के लिए भी आपके लिए पौष्टिक आहार के सेवन से मदद मिल सकती है। एंटीकैंसर और एंटीऑक्सीडेंट वाली चीजें संपूर्ण स्वास्थ्य को ठीक रखने में मददगार हैं।
धूम्रपान-शराब से बिल्कुल दूरी बनाएं
धूम्रपान-शराब दोनों के कारण हमारी सेहत को गंभीर क्षति होने का जोखिम रहता है। इसे स्तन कैंसर के लिए भी एक कारक माना जाता है। शोध से पता चलता है जो महिलाएं अक्सर शराब पीती हैं या धूम्रपान करती हैं उनमें अन्य की तुलना में स्तन कैंसर का खतरा अधिक होता है। धूम्रपान न केवल स्तन कैंसर बल्कि अन्य प्रकार के कैंसर का भी कारण बन सकता है। धूम्रपान से पूरी तरह से दूर रहना चाहिए।