हृदय रोगों का खतरा सभी उम्र के लोगों में देखा जा रहा है, यहां तक कि बच्चे भी इसका शिकार हो रहे हैं। कम उम्र में हार्ट अटैक और इसके कारण होने वाली मौत की खबरें हाल के दिनों में आपने भी खूब देखी और पढ़ी होंगी। हार्ट अटैक का खतरा क्यों बढ़ता जा रहा है इसको लेकर हुए अध्ययनों में कई बातें सामने आई हैं।
Heart Health: हृदय को स्वस्थ रखने के लिए कौन सी डाइट सबसे अच्छी है? क्या खाने की दी जाती है सलाह
दिल को स्वस्थ रखने के लिए क्या उपाय किए जाएं, क्या खाएं-पिएं? कौन सा डाइट प्लान आपके हृदय को नुकसान पहुंचने से बचाने वाले हो सकते हैं? आइए इस बारे में विस्तार से समझते हैं।
हृदय स्वास्थ्य को कैसे ठीक रखें?
ज्यादातर विशेषज्ञ मानते हैं कि हृदय स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए खान-पान में सुधार करना जरूरी है। हृदय को स्वस्थ रखने के लिए फलों, सब्जियों और साबुत अनाज को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। संतृप्त और ट्रांस वसा, कोलेस्ट्रॉल और सोडियम वाली चीजों को आहार में कम से कम रखना चाहिए।
कई डाइट प्लान हैं जो आपके हृदय को स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं। शोध डैश (DASH) डाइट को आपकी सेहत के लिए फायदेमंद मानते हैं, विशेषकर हृदय संबंधित बीमारियों को कम करने में।
डैश डाइट प्लान हृदय रोगों के लिए लाभकारी
जर्नल सर्कुलेशन में प्रकाशित अध्ययन में शोधकर्ताओं ने हृदय स्वास्थ्य के लिए शीर्ष-10 डाइट प्लान की सूची जारी की गई। इसमें डैश डाइट को सेहत के लिए काफी लाभकारी बताया गया है। डैश (डाइटरी अप्रोचेज टू स्टॉप हाइपरटेंशन) को हृदय स्वास्थ्य को ठीक रखने वाले डाइट प्लान में 100 अंक हासिल किए। तमाम दिशा-निर्देशों के आधार पर इसे हृदय स्वास्थ्य के लिए सर्वश्रेष्ठ आहार का दर्जा दिया गया।
शोधकर्ताओं का कहना है कि डैश डाइट प्लान ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में काफी कारगर हो सकती है। साथ ही वजन को नियंत्रित करने में भी इसके लाभ देखे गए हैं, ऐसे में इस डाइट प्लान से लंबे समय तक हृदय को स्वस्थ रखने में मदद मिलने की संभावना है।
डैश डाइट प्लान को लेकर 500 प्रतिभागियों पर आठ सप्ताह तक किए गए अध्ययन में पाया गया है कि यह आपके हृदय को स्वस्थ रखने में काफी लाभकारी उपाय हो सकता है। इन प्रतिभागियों पर तीन अलग-अलग प्रकार के डाइट प्लान को लेकर अध्ययन किया गया जिसमें डैश डाइट को सबसे फायदेमंद पाया गया है।
केवल दो सप्ताह के बाद ही, डैश डाइट का पालन करने से रक्तचाप को काफी सुधार आया। इससे कोलेस्ट्रॉल को खतरे को कम करने में भी मदद मिली।
हृदय को स्वस्थ रहने के लिए क्या खाना ठीक है?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हार्ट को बीमारियों से बचाए रखने के लिए आहार में स्वस्थ वसा वाली चीजें जैसे ऑलिव ऑयल, एवोकाडो, नट्स-सीड्स और वसायुक्त मछलियों का सेवन करें। दूध, दही और पनीर जैसे डेयरी उत्पाद, लो सोडियम वाली चीजें आपकी सेहत में विशेष सुधार कर सकती हैं।
हृदय से संबंधित बीमारियों से बचने के लिए शराब-धूम्रपान से दूरी बनाए रखना भी बहुत जरूरी है।
------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।