प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2018 में दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत की शुरुआत की थी। आयुष्मान भारत योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न राज्यों में स्वास्थ्य अभियान चलाए जाते हैं और इस योजना के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे गुजर—बसर करने वाली देश की बड़ी आबादी को हर साल पांच लाख तक के नि:शुल्क इलाज की सुविधा दी जाती है। खासकर गरीब, मजदूर परिवारों के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है।
Labour Day: मजदूरों के लिए वरदान है आयुष्मान भारत योजना, मुफ्त में पांच लाख तक के इलाज की सुविधा
आयुष्मान भारत योजना क्या है?
आयुष्मान भारत योजना को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना(Pradhan Mantri Jan Arogya Yojana AB-PMJAY) या राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (National Health Protection Scheme) के अलावा मोदीकेयर (ModiCare) के नाम से भी जाना जाता है। केंद्र सरकार इस योजना के तहत देश के 10 करोड़ परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध करा रही है।
आयुष्मान भारत योजना में ऐसे देखें अपना नाम
- सबसे पहले इस लिंक पर क्लिक करें https://mera.pmjay.gov.in/search/login
- इसके बाद विंडो खुलने पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें
- फिर जो कैप्चा कोड दिखे, उसे बॉक्स में दर्ज करें
- फिर ओटीपी जेनेरेट करें और फिर ओटीपी नंबर दर्ज करें
- अब राज्य का चुनाव करें और फिर अपने नाम या जाति श्रेणी से आप सर्च कर सकते हैं
इस तरह आपका नाम यहां दिख सकता है। जिन्हें नहीं पता कि उनका नाम इस योजना में है या नहीं, वे सर्च कर सकते हैं। न हो तो इसके लिए अगर वे पात्रता रखते हैं तो आवेदन कर सकते हैं।
आप कैसे उठा सकते हैं आयुष्मान भारत योजना का लाभ
- इस योजना का लाभ लेने के लिए गोल्डन कार्ड बनाना जरूरी होता है। इसी कार्ड के जरिए लाभुक परिवारों को नि:शुल्क इलाज होता है। कार्ड बनाने के लिए सरकार की ओर से जगह-जगह शिविर लगवाया जाता है। इस योजना के तहत पंजीकृति अस्पताल जाने पर वहां आपको आरोग्य मित्र मिलेंगे, जो आपकी मदद करेंगे।
- सबसे पहले वे एक सॉफ्टवेयर के जरिए पता लगाएंगे कि आप इस योजना के पात्र हैं या नहीं। वे आपसे आधार कार्ड, वोटर आईडी या अन्य कोई वैध पहचान पत्र मांगा जाएगा। इसके बाद आपकी बीमारी के मुताबिक अस्पताल पैकेज चयन करेगा और फिर आपकी जांच के बाद आपका इलाज शुरू हो जाएगा। जो बिल बनेंगे, उसका भुगतान सरकार करेगी।
कैसे और कितने पैसों में बनेगा गोल्डन कार्ड
- गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए आपको आधिकारिक वेबसाइट- mera.pmjay.gov.in पर लॉग इन करना होगा और फिर HHD कोड चुनना होगा।
- कॉमन सर्विस सेंटर में आप आयुष्मान मित्र को ये कोड देंगे और फिर वे बाकी प्रक्रिया पूरी करेंगे।
- गोल्डन कार्ड के लिए आवेदकों को सिर्फ 30 रुपये का भुगतान करना होगा।