दिवाली लक्ष्मी जी के पूजन का त्योहार है। धन-संपदा और शांति के लिए लक्ष्मी जी का दिवाली पर विशेष पूजन किया जाता है। इसलिए दिवाली आने से पहले ही घर की साफ-सफाई का काम शुरू हो जाता है ताकि मां लक्ष्मी पूरे परिवार पर अपनी अपार कृपा बरसाएं और घर में सुख-शांति का वास हो। लेकिन घर में साफ-सफाई का काम आसान नहीं होता है। आज हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बता रहे हैं जिससे यह काम आसान हो जाएगा।
पंखे की सफाई
पंखों की साफ-सफाई करना सबसे मुश्किल वाला काम होता है। घर में पंखे इतनी ऊंचाई पर टंगे होते हैं की हम वहां तक आसानी से नहीं पहुंच सकते हैं, जिससे उसकी सफाई अच्छे से नहीं हो पाती है। पंखों को साफ करने के लिए आप तकिए का कवर लें और बेड पर एक कुर्सी रखकर खड़े हो जाएं। अब पंखे की ब्लेड को कवर के अंदर डाल अच्छे से रगड़कर साफ करें। इससे ब्लेड की सारी गंदगी कवर के अंदर ही गिरेगी और आपका पंखा भी साफ हो जाएगा। इस काम को करते वक्त आप अपने साथ किसी को जरूर रखें।
बाथरूम की टाइल्स
बाथरूम में लगे टाइल्स की सफाई तो आसानी से हो जाती है लेकिन कोने की दाग को साफ करना आसान नहीं होता है। कोनों को साफ करने के लिए आप बेकिंग सोडा लें। टूथब्रश की मदद से आप बेकिंग सोडे को कोनों पर थोड़ी देर रगड़ें और गर्म पानी से धो लें।
ओवन
ओवन हमारे किचन के काम को जितना आसान बनाता है, इसकी सफाई करना उतना ही मुश्किल होता है। ओवन को साफ करने के लिए एक स्प्रे बोतल में नींबू, पानी और बेकिंग सोडा डालें। इसे ओवन के अंदर छिड़क कर कपड़े से पोछें। यह स्प्रे आपके ओवन की सफाई को आसान बना देगा।
किचन के गंदे बर्तन
हमारे किचन में कुछ बर्तन ऐसे होते हैं, जिनकी चमक धीरे-धीरे कम हो जाती है। इन बर्तनों को आप आसानी से चमका सकते हैं। इसके लिए आप 5-6 चम्मच ब्लीच और डिटर्जेंट पाउडर को गर्म पानी में मिक्स कर बर्तनों को साफ करें। आपके बर्तन नए जैसे चमकने लग जाएंगे।