कोरोना वायरस के संक्रमण का ग्राफ हर दिन बढ़ता ही जा रहा है। हालांकि इससे निपटने के लिए भारत समेत कई देशों में लॉकडाउन लागू किया गया है। इस वायरस से संक्रमित होने के लक्षण दिखने में दो से तीन हफ्ते का समय लग जाता है। कोरोना वायरस का संक्रमण इसके मरीजों से तो फैलता ही है, इसके अलावा इस वायरस के संपर्क में आई वस्तुओं और सतहों से भी संक्रमण फैल सकता है। ऐसे में अक्सर ये डर बना रहता है कि बाहर से लाई गई खाद्य सामग्रियों से ये वायरस कहीं घर पर न आ जाए। ऐसे में आज हम आपको फल और सब्जियों से जुड़ी कुछ चीजों के बारे में बताएंगे, जिसका ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
कोरोना वायरस: बाहर से लाए गए फल और सब्जियों से न रहे संक्रमण का खतरा, जरूर करें ये काम
वैसे तो स्वास्थ्य विशेषज्ञ इस बात करते आ रहे हैं कि रोजमर्रा की जरूरत वाली चीजों से कोरोना के संक्रमण का कोई खतरा नहीं है। हमें इन चीजों का इस्तेमाल बिना किसी डर के करना चाहिए। इसके बावजूद भी अगर फल-सब्जी या कोई सामान देने वाला व्यक्ति कोरोना से संक्रमित हो तो उसके माध्यम से कोरोना घर में भी आ सकता है। ऐसे में सवाल ये पैदा होता है कि फलों और सब्जियों को खरीदने और घर पर लाने के बाद सुरक्षा का किस तरह ख्याल रखा जाए। तो आइए जानते हैं इसके बारे में...
घर के थैले का इस्तेमाल ना करें
कैलिफोर्निया की लूमा लिंडा विश्वविद्यालय के मुताबिक, दोबारा प्रयोग में लाए जाने वाले कैरी बैग से संक्रमण होने का खतरा अधिक होता है क्योंकि इनमें वायरस अधिक देर तक जीवित रहते हैं। ऐसे में बेहतर होगा कि आप दुकान से ही थैला या प्लास्टिक लें और घर आते ही उसे फेंक दें।
केमिकल्स के प्रयोग से बचें
कई लोग वायरस की शंका दूर करने के लिए क्लोरीन, डिसइंफेक्टेंट, एल्कोहल जैसे केमिकल्स का प्रयोग कर सब्जियों को धो देते हैं। इसके अलावा कुछ लोग साबुन या डिटर्जेंट वाले पानी से सब्जियों को धोते हैं। ऐसा करने से बचना चाहिए। ये चीजें आपके स्वास्थ के लिए घातक हो सकती हैं और गंभीर बीमारी का रूप ले सकती हैं।
इस तरह करें सफाई
- सब्जियों और फलों को साफ करने के लिए पानी ही पर्याप्त है। लेकिन सफाई के वक्त आपको कुछ बातों का खास ध्यान रखना चाहिए।
- सब्जियों और फलों को काटने से पहले ही धो लेना चाहिए। इसे काटने के बाद धोने से पौष्टिकता कम हो जाती है।
- सब्जियों और फलों को हमेशा किसी बड़े बर्तन में पानी भरकर एक-एक करके धोएं। इसके अलावा आप चलते हुए नल के नीचे एक-एक कर रगड़ कर धोएं।
- अगर आपके पास पानी की कमी है या बहुत कम पानी में फलों और सब्जियों को धोना चाहते हैं, तो एक आसान सा तरीका यह है कि आप एक बड़े कटोरे में पानी लें और उसमें एक चम्मच नमक मिलाएं। अब फलों और सब्जियों को इसमें डुबोकर अच्छी तरह साफ कर लें।
- जिन फलों सब्जियों का छिलका निकालकर इस्तेमाल करना है, उन्हें भी पानी में छिलके सहित अच्छे से धोकर ही छीलना या काटना चाहिए।