अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों का पंजीकरण एक अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। पंजाब नेशनल बैंक (316), जम्मू-कश्मीर बैंक (90) और यस बैंक (40) की 446 शाखाओं के माध्यम से पंजीकरण होगा। इस वर्ष की 56 दिनों की यात्रा 28 जून से शुरू होगी जोकि 22 अगस्त को समाप्त होगी। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीतीश्वर कुमार ने बताया कि आवेदन पत्र और पूर्ण पते वाली बैंक शाखाओं की राज्यवार सूची श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
अमरनाथ यात्रा: एक अप्रैल से होगा पंजीकरण, यहां मिलेगी हर जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यात्रा के लिए पंजीकरण करने के लिए यत्रियों को जिन चरणों का पालन करना होगा, उन्हें बोर्ड की वेबसाइट www.shriamarnathjishrine.com पर डाल दिया गया है। इसमें आधार शिविरों तक पहुंचने की जानकारी, यात्रा पंजीकरण के लिए शुल्क, टट्टू, पालकी और पोर्टर्स के लिए शुल्क शामिल हैं।
सीईओ ने बताया कि 13 वर्ष से कम या 75 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति यात्रा के लिए पंजीकृत नहीं होंगे। उन्होंने सभी इच्छुक यात्रियों से अग्रिम में पंजीकरण के लिए आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने और समय पर यात्रा परमिट प्राप्त करने की अपील की। जिससे कि यात्रा के दौरान उन्हें किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले यत्रियों को अग्रिम पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी क्योंकि इसके लिए पर्याप्त हेलीकॉप्टर टिकट उपलब्ध होंगे। हालांकि, उन्हें अधिकृत चिकित्सक द्वारा जारी किए गए निर्धारित प्रारूप में अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाणपत्र (सीएचसी) साथ रखना होगा।
बता दें कि अमरनाथ यात्रा की तैयारियां जोरो पर है। इस साल 6 लाख भक्तों के आने की उम्मीद है। आधार शिविर भगवती नगर जम्मू में आवास क्षमता 2 हजार से बढ़ाकर 5 हजार करने की योजना है। इसके लिए पर्यटन विभाग की ओर से 7000 स्क्वायर फीट हाल का निर्माण करवाना प्रस्तावित है। इस हाल पर 174 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा साथ वाली 40 कनाल भूमि पर पीडब्ल्यूडी (आरएंडबी) विभाग की ओर से शेड का निर्माण किया जाएगा, जिसमें बिजली, पानी, मोबाइल शौचालय, चार्जिंग प्वाइंट आदि सुविधाओं से लैस आवास में 3 हजार यात्रियों को ठहराया जा सकता है।