जिला विकास परिषद चुनाव के तीसरे चरण में 33 सीटों पर मतदान जारी है। इनमें 16 सीटें कश्मीर में और 17 सीटें जम्मू संभाग में हैं। इन सीटों पर 305 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें 53 महिला उम्मीदवार और 252 पुरुष उम्मीदवार हैं। वहीं मतदान को लेकर लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। कश्मीर संभाग में भी लोग सुबह होते ही मतदान करने के लिए कतारों में खड़े हो गए।
डीडीसी चुनावः ये कतारें हैं लोकतंत्र की जीत की, आतंकवाद के मुंह पर तमाचा है ये उत्साह, देखिए तस्वीरें
राज्य चुनाव आयुक्त केके शर्मा ने बताया कि साफ सुथरे और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। 2046 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 1254 मतदान केंद्र कश्मीर और 792 मतदान केंद्र जम्मू संभाग में बनाए गए हैं।
कश्मीर संभाग के सभी मतदान केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। जम्मू संभाग के भी कई मतदान केंद्र संवेदनशील श्रेणी में हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। मतदान का समय पहले दो चरणों की तरह ही सुबह सात से दोपहर दो बजे तक का रहेगा।
राज्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि मतदाताओं को मास्क पहनने और सामाजिक दूरी के नियम का पालन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि कश्मीरी विस्थापित मतदाताओं के लिए जम्मू के गांधीनगर महिला कॉलेज और उधमपुर के गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में विशेष मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।