उत्तरी कश्मीर में मंगलवार को एलओसी पर अलग-अलग हुई हिमस्खलन की दो घटनाओं में चार जवान शहीद हो गए। जबकि इसकी चपेट में आकर लापता हुए अन्य चार जवानों को सुरक्षित निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी श्रीराम दिनकर ने बताया कि चार जवान हिमस्खलन में दब गए थे। एक का शव मंगलवार रात ही बरामद कर लिया गया है। एक जवान को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया है। वहीं बुधवार को दो जवानों के शहीद होने की खबर मिली। तंगधार में भारतीय सेना के जवान राजेंद्र सिंह, अमित और कमल कुमार शहीद हो गए। वहीं बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर के बख्तूर इलाके में बर्फीले तूफान की चपेट में आने से जवान अखिल शहीद हो गए है।
बैरी बर्फीला तूफानः देश की सेवा करते हुए भारत माता के इन चार सपूतों ने दी शहादत
सैन्य सूत्रों ने बताया कि कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर में एलओसी के ईगल पोस्ट पर मंगलवार सुबह आए हिमस्खलन में सेना की दो जाट रेजीमेंट के चार जवान दब गए। सूचना मिलते ही पास की पोस्ट से जवानों को बचाव कार्य के लिए भेजा गया। इसके साथ ही प्रशिक्षित जवानों को भी लगाया गया। हेलीकॉप्टर की भी मदद ली गई।
इससे पहले नवंबर में सियाचिन ग्लेशियर में आए हिमस्खलन में चार जवान शहीद हो गए थे। दो पोर्टरों की भी मौत हुई थी। बाद में हुई अन्य घटना में दो सैनिक शहीद हो गए थे।
30 नवंबर, 2019 : सियाचिन ग्लेशियर में भारी हिमस्खलन में सेना की पेट्रोलिंग पार्टी के दो जवान शहीद
18 नवंबर, 2019: सियाचिन में हिमस्खलन की चपेट में आकर चार जवान शहीद, दो पोर्टर भी मारे गए
10 नवंबर, 2019: उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में हिमस्खलन की चपेट में आकर सेना के दो पोर्टरों की मौत
3 मार्च, 2019 : कारगिल के बटालिक सेक्टर में ड्यूटी के दौरान हिमस्खलन में पंजाब के नायक कुलदीप सिंह शहीद
8 फरवरी, 2019: जवाहर टनल पुलिस पोस्ट हिमस्खलन की चपेट में आई, 10 पुलिसकर्मी लापता, आठ बचाए गए
16 मार्च, 2012: सियाचिन में बर्फ में दबकर छह जवान हुए शहीद