राजस्थान में भीषण सर्दी का दौर अब शुरू हो गया है। 3 शहरों में तापमान माइनस में चला गया है । सीकर के फतेहपुर में तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। चूरू में माइनस 0.9 डिग्री सेल्सियस तापमान हो गया है। माउंट आबू में तापमान माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा है।
Weather Update: राजस्थान में माइनस में पारा, बिछी बर्फ की चादरें, देखिए सर्दी के मौसम की सबसे खूबसूरत तस्वीरें
राजस्थान के तीन शहरों-चूरू, फतेहपुर-सीकर और माउंट आबू में रात का मिनिमम तापमान माइनस में चला गया है। जमाव बिंदु से नीचे तापमान जाने के कारण सुबह नक्की झील पर बर्फ जमी नजर आई। चूरू और फतेहपुर में खेतों में पाला पड़ गया और फसलों पर जमा ओस बर्फ बन गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंगलवार सुबह की सेटेलाइट पिक्चर के मुताबिक पूर्वी और उत्तरी राजस्थान के कुछ भागों में घना कोहरा (Dense fog) छाया हुआ है। राजधानी जयपुर समेत पूरा उत्तरी-पूर्वी राजस्थान आज घने कोहरे की चपेट में नजर आया। जयपुर, सीकर, चूरू, आबू, अलवर, करौली में कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही है। बर्फीली हवाओं और शीत लहर का सबसे ज्यादा असर जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर के अलावा गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं में दिखा है।
6 जनवरी तक कड़ाके की सर्दी का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने 6 जनवरी तक लगातार शीत लहर चलने की चेतावनी जारी करते हुए जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 4 जनवरी तक घना कोहरा रहेगा। जबकि 6 जनवरी तक बहुत ज़्यादा कोल्ड-वेव चलने और फसलों में पाला पड़ने की आशंका जताई गई है।
कई इलाकों में विजिबिलिटी 10 मीटर तक पहुंची, हाइवे पर वाहन चालकों को परेशानी
राजस्थान के इलाकों में तो कोहरे के कारण विजिबिलिटी 10 मीटर तक पहुंच गई। दिल्ली रोड, एनएच-8 पर भारी कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार बहुत धीमी हो गई। जाम के हालात कोहरे के कारण बन गए। कुछ दूरी पर चल रही गाड़ियां सड़क पर नज़र नहीं आईं। हाइवे पर लाइट और इंडिकेटर चलाकर ही वाहन चालकों को गाड़ियां चलानी पड़ रही हैं। कोहरे की चादर के कारण दोपहर तक धूप बेहद मंद निकली। सूरज पीले रंग की जगह सफेद रंग का पूर्ण चंद्रमा जैसा नजर आया। कोहरे के बीच जयपुर-दिल्ली, सीकर, टोंक रोड, आगरा और अजमेर रोड पर ट्रैफिक की आवाजाही प्रभावित हुई है।
4 फ्लाइट्स उड़ान नहीं भर सकीं
जयपुर के सांगानेर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी सुबह कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर तक रही। जिससे काफी फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। कोहरे का असर यह रहा कि जयपुर से सुबह मुंबई, दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली 4 फ्लाइट्स काे कम विजिबिलिटी के कारण रोक दिया गया। 2 इंटरनेशनल फ्लाइट को भी उड़ान से रोका गया। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक इन फ्लाइट्स को दिन चढ़ने और कोहरा छंटने पर उड़ान की परमिशन दे दी गई।
राजस्थान में पारा शून्य से नीचे, बर्फ की चादरें बिछ गईं, जानिए क्यों बन रहे हैं ऐसे हालात #Rajasthan #RajasthanWeather #RajasthanCold #RajasthanWinter https://t.co/bh9soYQVFc pic.twitter.com/uqTQOdFKeg
— Amar Ujala (@AmarUjalaNews) January 3, 2023
इन शहरों में तेज ठंड पड़ने का अलर्ट
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने 4 जनवरी तक राजस्थान के कई शहरों में घना कोहरा पड़ने की चेतावनी जारी की है। चूरू, झुंझुनूं, हनुमानगढ़ जिलों के लिए 5 जनवरी तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि श्री गंगानगर, बीकानेर, नागौर, जयपुर, अलवर, दौसा, करौली, टोंक, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और बूंदी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। सभी जिलों में मौसम विभाग ने 6 जनवरी तक शीत लहर चलने की चेतावनी जारी करते हुए रबी की फसलों में पाला पड़ने की आशंका भी जता दी है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सुबह-शाम फसलों में सिंचाई की सलाह दी है, जिससे सरसों, चना और गेहूं की फसलों के साथ ही मटर, टमाटर के खेतों को पाला पड़ने से बचाया जा सके।