Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaipur News ›   rajasthan zila pramukh election inspiring stories himmat singh jhala santosh kumari

गांवों की सरकारों की रोचक गाथाएं : चौकीदारी की, चाय बेची…अब उदयपुर के जिला प्रमुख

Thu, 26 Nov 2026 09:45 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Thu, 26 Nov 2026 09:45 AM IST
सार

राजस्थान में नए जिला प्रमुखों के चुनाव के साथ कई दिलचस्प और प्रेरणादायक कहानियां सामने आई हैं। उदयपुर के हिम्मत सिंह झाला ने कभी दिल्ली में चाय बेची और चौकीदारी की, तो जैसलमेर की 21 वर्षीय संतोष कुमारी निर्विरोध जिला प्रमुख बनीं। बाड़मेर में गफूर अहमद को राजनीतिक विरासत मिली, जबकि ब्यावर में ममता गुर्जर ने महज एक वोट से जीत दर्ज की।

विज्ञापन
rajasthan zila pramukh election inspiring stories himmat singh jhala santosh kumari
राजस्थान में गांवों की सरकार के ये चेहरे हैं खास - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राजस्थान में गांवों की सरकार चुने जाने की सरगर्मियां आखिरी दौर में हैं, लेकिन इनमें जिन लोगों ने विजय हासिल की वह भारतीय लोकतंत्र की परिपक्वता के साथ सौन्दर्य को भी उजागर करता है। ऐशी हील रोचक एवं प्रेरणास्पद कहानियां पेश हैं आपके लिए….

विज्ञापन


हिम्मत सिंह झाला : संघर्ष से सफलता का सफर

उदयपुर के नए जिला प्रमुख भारतीय जनता पार्टी के नेता हिम्मत सिंह झाला वर्ष 2021 में वल्लभनगर विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी बनाए गए थे, वह तब चुनाव हार गए, लेकिन अब बतौर जिला प्रमुख उनकी ताजपोशी हुई है। उदयपुर के वाजमिया गांव निवासी हिम्मत सिंह झाला का शुरुआती जीवन काफी कठिन रहा। वे बिना जूतों के रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल जाते थे। सीआरपीएफ में बाबू पद पर चयन के बाद भी उन्होंने नौकरी जॉइन नहीं की। इसके बाद वे दिल्ली चले गए, जहां फुटपाथ पर रातें बिताईं, स्टोव पर चाय बेची और चौकीदारी की। 5,000 रुपये प्रतिमाह वेतन पर नौकरी करने के बाद उन्होंने वर्ष 2010 में 'टाइगर-4' नाम से अपनी सिक्योरिटी कंपनी की स्थापना की।
विज्ञापन


झाला ने वर्ष 2019 में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में एमए की पढ़ाई पूरी की। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े रहे हैं और चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी के करीबी माने जाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


गफूर अहमद : बाड़मेर में 67 साल से कांग्रेस का दबदबा, पिता सात बार के विधायक, बेटा अब जिला प्रमुख

बाड़मेर में गफूर अहमद की जीत के साथ ही पिछले 67 साल से लगातार जिला प्रमुख बनाने का रिकॉर्ड रखने वाली कांग्रेस का कब्जा बरकरार रहा। गफूर अहमद चौहटन से सात बार विधायक रहे स्वर्गीय अब्दुल हादी के बेटे हैं।

गफूर अहमद ने वर्ष 1995 में बुरहान का तला ग्राम पंचायत से निर्विरोध सरपंच बनकर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी और वे लगातार दो बार सरपंच रहे। इसके बाद, वे वर्ष 2005 से 2010 तक चौहटन पंचायत समिति के प्रधान रहे। वे तीसरी बार जिला परिषद सदस्य बने हैं और पूर्व में उप जिला प्रमुख का पद भी संभाल चुके हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन भरा था, पर पार्टी के निर्देश पर नाम वापस ले लिया था। उनकी पत्नी शम्मा बानो भी दो बार प्रधान रह चुकी हैं और वर्तमान में धनाऊ पंचायत समिति से सदस्य चुनी गई हैं।

रीना रावत : मोटी टिम्बी गांव का अनोखा संयोग, वहां की बेटी बांसवाड़ा की चौथई बार जिला प्रमुख

रीना रावत के जिला परिषद की नई प्रमुख के रूप में निर्वाचन के साथ ही बांसवाड़ा की राजनीति में दिलचस्प संयोग जुड़ गया है। बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र के मोटी टिम्बी गांव की बेटी रीना रावत के कमान संभालते ही नया अध्याय शुरू हुआ है। इससे पहले रेशम मालवीया लगातार तीन बार जिला प्रमुख रही थीं और उनका मायका भी इसी गांव में है। इस प्रकार लगातार चौथी बार जिले की पंचायतीराज व्यवस्था की कमान मोटी टिम्बी गांव की बेटी के हाथों में आई है।

रीना रावत ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत वर्ष 2014 में की थी। उस समय वह बागीदौरा पंचायत समिति के चोखला बांसला क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य बनी थीं। उस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने के कारण वह निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं। उनके पति राकेश वर्ष 2020 में ग्राम पंचायत हमीरपुर बड़ा के सरपंच रह चुके हैं।

संतोष कुमारी : निर्विरोध चुनी गईं, देश में सबसे कम उम्र की प्रमुख

जैसलमेर में निर्विरोध जिला प्रमुख चुन ली गईं 21 वर्षीय संतोष कुमारी संभवत: देश की सबसे कम उम्र की हैं, जो इस पद पर पहुंची हैं। जिला परिषद के चुनाव में कांग्रेस ने 21 में से 20 वार्डों पर जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा के खाते में केवल एक सीट आई। जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण कांग्रेस को अपने चार विजयी सदस्यों में से एक का चयन करना था। पार्टी के भीतर लंबी बातचीत के बाद पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद के खेमे के समर्थन से संतोष कुमारी के नाम पर सहमति बनी। भाजपा की एकमात्र विजयी प्रत्याशी सामान्य वर्ग से हैं, जिससे वे आरक्षित पद के लिए पात्र नहीं थीं। इस वजह से भाजपा कोई प्रत्याशी खड़ा नहीं कर सकी और संतोष कुमारी की निर्विरोध जीत का मार्ग प्रशस्त हो गया।

आंसूराम देवासी : साधारण कार्यकर्ता से जालौर के जिला प्रमुख

जालौर में मोदरान के पास छोटे से गांव भीमपुरा के निवासी आंसूराम देवासी ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत साधारण कार्यकर्ता के रूप में की थी। देवासी ने अपनी जमीनी पकड़ और जनसेवा के बल पर राजनीति में अलग पहचान बनाई है। देवासी अपने गांव भीमपुरा से लगातार दो बार सरपंच निर्वाचित हुए थे। इसके बाद देवासी ने भीनमाल कृषि उपज मंडी समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। जनहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने के कारण देवासी बाद में जिला परिषद सदस्य चुने गए। अब वह कांग्रेस पार्टी के विश्वास और जनसमर्थन के बल पर जालौर जिला प्रमुख का दायित्व निभा रहे हैं।

पूजा भंसाली : सरंपच से अजमेर के जिला प्रमुख तक का सफर

अजमेर जिले के छोटे से गांव कटसूरा निवासी पूजा भंसाली अपने ससुराल पहुंची तो घूघरा गांव में सरपंच चुनी गईं। पूजा का विवाह घूघरा के भामाशाह भंसाली परिवार के अमित भंसाली से हुआ है। उनके पिता पुरुषोत्तम मुंदड़ा ने अपनी शुरुआती शिक्षा कटसूरा के ही राजकीय प्राथमिक स्कूल से प्राप्त की थी। इसके बाद उन्होंने किशनगढ़ से आगे की पढ़ाई पूरी की और कारोबार के सिलसिले में गुजरात के सूरत चले गए। पूजा की पढ़ाई भी सूरत में ही हुई। विवाह के बाद पूजा भंसाली ने घूघरा में सरपंच पद का चुनाव लड़ा था और उसमें जीत हासिल की थी।

अनीता मीणा : राजनीतिक विरासत, दादा ससुर तीन बार के विधायक

अलवर में कांग्रेस की अनीता मीणा अनुसूचित जनजाति महिला वर्ग की प्रतिनिधि हैं। अनीता राजगढ़ क्षेत्र के अलेई गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने दसवीं कक्षा तक पढ़ाई की है और वे गृहिणी के रूप में कार्य करती हैं। अनीता भले ही अब तक सक्रिय राजनीति से दूर रही हों, लेकिन उनका परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहा है। उनके दादा-ससुर दिवंगत हरिकिशन मीणा राजगढ़ विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके हैं। उनके पति ने भी पिछला विधानसभा चुनाव निर्दलीय लड़ा था।

बीना बैरवा : दौसा में निर्विरोध निर्वाचित, सरपंच से प्रमुख तक

दौसा की जिला प्रमुख कांग्रेस की बीना बैरवा निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। दौसा में पिछले 24 वर्षों से चला आ रहा कांग्रेस का वर्चस्व बरकरार रहा।  बीना विधायक दीनदयाल बैरवा की पत्नी हैं। उनका राजनीतिक सफर ग्रामीण स्तर से आरंभ हुआ था। वे सबसे पहले जीरोता ग्राम पंचायत की सरपंच बनी थीं। इसके बाद वे पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित होकर लवाण पंचायत समिति की प्रधान बनीं। इस बार जिला परिषद सदस्य का चुनाव जीतने के बाद वे जिला प्रमुख के पद तक पहुंची हैं। उनके पति दीनदयाल भी पूर्व में दौसा पंचायत समिति के प्रधान रह चुके हैं और उनके ससुर ने भी पंचायत समिति प्रधान के रूप में कार्य किया था।


ममता गुर्जर : पहला चुनाव, ब्यावर में महज एक वोट से जीतीं

ब्यावर जिला परिषद के जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की 24 वर्षीय प्रत्याशी ममता गुर्जर ने भाजपा के स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद जीत दर्ज की है। रास के खेड़ा गांव की निवासी ममता गुर्जर ने स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद राजनीति में कदम रखा। यह उनका पहला चुनाव था, जिसमें उन्होंने पहले जिला परिषद सदस्य का चुनाव जीता और अब जिला प्रमुख बनी हैं। ममता के चाचा दयाल राम गुर्जर भी राजनीति से जुड़े हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed