डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए मशहूर राजस्थान के कई पैलेस और मैरिज गार्डन सेलिब्रिटी और बिजनेमैन की शादियों के गवाह रहे है। इनमें से एक है जयपुर के ईपी का रोज गार्डन। लेकिन बृहस्पतिवार दोपहर को अचानक लगी आग में रोज गार्डन जलकर खाक हो गया। जानकारी के अनुसार इस गार्डन में लगे स्टेज की कीमत करोड़ों में थी। हादसा इतना भीषण था कि गार्डन का ऐसा कोई कोना नहीं था जहां आग नहीं पहुंची हो। शदियों में नई थीम से लोगों को आकर्षित करने के लिए मशहूर रोज गार्डन जयपुर के पॉश इलाके जेएलएन सर्किल के नजदीक स्थित है।
ऐसे लगी आग
मैरिज गार्डन के कर्मचारियों के अनुसार गार्डन के मुख्य गेट पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। तभी अचानक एक चिंगारी उड़कर नजदीक के शामियाने पर जा गिरी। शामियान थर्माकॉल का बना हुआ था इसलिए चंद सैकेण्ड में आग पूरे मैरिज गार्डन में फैल गई। इस बीच कर्मचारियों ने आग पर काबू करने का प्रयास किया लेकिन आग विकराल रूप ले चुकी थी। इसके बाद आनन फानन में फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई।
15 दमकलों ने पाया काबू
दोपहर करीब तीन बजे रोज गार्डन में लगी आग इतनी भीषण थी कि इसे काबू करने के लिए 15 दमकल गाड़ियों का उपयोग किया गया। इसके बाद भी देर शाम तक रह रहकर मलबे में आग धधकती रही है। आग के दौरान मैरिज गार्डन के भीतर से धमाकों की आवाज भी आती रही। जिसने लोगों की चिंता को बढ़ा दिया। हालांकि कर्मचारियों का कहना था कि धमाके एसी कंप्रेशर फटने के थे।
नहीं थे आग बुझाने के इंतजाम
महंगी शादियों के लिए मशहूर इस गार्डन में लगी आग ने संचालकों की पोल खोल दी है। जयपुर नगर निगम और पुलिस के अनुसार इस गार्डन में आग बुझाने के कोई खास इंतजाम नहीं है। गनीमत रही कि हादसे के दौरान यहां कोई वैवाहिक समारोह नहीं हो रहा था। तीन घंटे तक लगी रही आग की इस घटना को देखने के लिए सैंकड़ों लोग मैरिज गार्डन के बाहर जमा हो गए। जिन्हें हटाने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
सीज किया गया गार्डन
रोज गार्डन में लगी भीषण आग पर अब जयपुर नगर निगम पर भी सवाल उठ रहे है। हालांकि नगर निगम ने हमेशा की तरह लकीर पीटत हुए इस गार्डन को सीज करने के निर्देश जारी कर दिए है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के लिए हादसों का इंतजार क्यों करते है। वहीं नगर निगम ने हादसे की जांच के लिए कमेटी भी गठित की है।