{"_id":"6b0583071c77cb63700079eb","slug":"rajasthan-panchayat-polls-congress-eyes-27-zila-parishads-bjp-faces-test-as-leadership-elections-near-2026-11-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"जयपुर: पंचायत चुनाव में बढ़त के बाद जिला परिषदों पर कब्जे की जंग, 27 से ज्यादा बोर्ड बनाने का कांग्रेस का दावा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जयपुर: पंचायत चुनाव में बढ़त के बाद जिला परिषदों पर कब्जे की जंग, 27 से ज्यादा बोर्ड बनाने का कांग्रेस का दावा
Tue, 24 Nov 2026 05:59 PM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Tue, 24 Nov 2026 05:59 PM IST
सार
पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद अब जिला प्रमुख और प्रधान पदों पर कब्जे की जंग शुरू हो गई है। कांग्रेस ने 27 से ज्यादा जिला परिषदों और 300 पंचायत समितियों में बोर्ड बनाने का दावा किया है, जबकि भाजपा के सामने अपना प्रभाव बचाने की चुनौती है।
विज्ञापन
राजस्थान पंचायत चुनाव
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद अब जिला परिषदों और पंचायत समितियों में सत्ता की कमान हासिल करने की कवायद तेज हो गई है। जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं। कांग्रेस ने 27 से अधिक जिला परिषदों में जिला प्रमुख और 300 से ज्यादा पंचायत समितियों में प्रधान बनाने का दावा किया है। बुधवार को जिला प्रमुख और शुक्रवार को पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव होंगे।
विज्ञापन
पिछले सप्ताह शुक्रवार को घोषित पंचायत चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने जिला परिषद और पंचायत समिति स्तर पर भाजपा से अधिक सीटें हासिल की थीं। इन नतीजों से कांग्रेस को ग्रामीण राजनीति में मजबूती मिली है, वहीं भाजपा के सामने अपने प्रभाव वाले जिलों में सत्ता बचाने की चुनौती है। दोनों दलों की नजर अब निर्वाचित सदस्यों के समर्थन और जिला स्तर पर बहुमत के समीकरण पर टिकी है।
विज्ञापन
जिला परिषद की 1,275 सीटों में कांग्रेस को 796
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार 37 जिलों की 1,275 जिला परिषद सीटों में कांग्रेस ने 796 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा को 359 सीटें मिलीं। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 51 और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने 43 सीटों पर जीत दर्ज की। निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में 13 सीटें गईं। इसके अलावा बसपा, माकपा और आम आदमी पार्टी को भी ग्रामीण निकायों में प्रतिनिधित्व मिला है।
विज्ञापन
पंचायत समिति चुनाव में भी कांग्रेस ने बढ़त बनाई। प्रदेश की 7,543 सीटों में कांग्रेस ने 3,772 और भाजपा ने 2,218 सीटें जीतीं। आरएलपी को 497, बीएपी को 278 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 664 सीटें मिलीं। अन्य दलों को भी कुछ सीटों पर सफलता मिली।
कई जिलों में कांग्रेस का प्रदर्शन मजबूत
कांग्रेस ने जयपुर, जोधपुर, सीकर, बीकानेर, दौसा और भीलवाड़ा सहित कई जिलों में मजबूत प्रदर्शन किया। वहीं भाजपा को अजमेर, बालोतरा, सलूम्बर और उदयपुर जैसे जिलों में बेहतर सफलता मिली। भाजपा को अपने कुछ मंत्रियों और विधायकों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी झटके लगे। सीकर में नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और उनके दो बेटे पंचायत समिति चुनाव हार गए।
ये भी पढ़ें: सिरोही: किसानों के लिए बड़ी राहत, जिले की 5 तहसीलें गंभीर सूखाग्रस्त घोषित, अब मिलेगा कृषि आदान-अनुदान
नागौर में सांसद हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व वाली आरएलपी ने जिला परिषद में बहुमत हासिल किया। पड़ोसी जिले डीडवाना-कुचामन में भी पार्टी का प्रदर्शन मजबूत रहा। यहां आरएलपी के निर्वाचित सदस्य जिला परिषद गठन में अहम भूमिका निभा सकते हैं। दक्षिणी राजस्थान के आदिवासी बहुल इलाकों, खासकर बांसवाड़ा और डूंगरपुर में बीएपी ने भी अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत की है।
कांग्रेस ने 27 जिला परिषदों और 300 पंचायत समितियों का दावा किया
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी ने दावा किया कि पार्टी 27 से अधिक जिला परिषदों में जिला प्रमुख बनाने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों से साफ है कि लोगों ने भाजपा को नकार दिया है। कांग्रेस के पास 27 से ज्यादा जिला परिषदों और 300 पंचायत समितियों में बोर्ड बनाने के लिए पर्याप्त संख्या है।
चार जिलों में मतगणना 17 दिसंबर को
प्रदेश के 41 जिलों में कुल 1,403 जिला परिषद वार्ड और 457 पंचायत समितियों के 8,245 वार्डों में चुनाव कराए गए। इनमें से 37 जिलों की 1,275 जिला परिषद और 7,543 पंचायत समिति सीटों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर जिलों में मतगणना 17 दिसंबर तक टाल दी गई है। इन जिलों की मौजूदा जिला परिषदों और पंचायत समितियों का पांच साल का कार्यकाल अगले महीने पूरा हो रहा है। परिसीमन और जिलों की संख्या बढ़ने के बाद प्रदेश में जिला परिषद सीटों की संख्या 1,014 से बढ़कर 1,403 और पंचायत समिति सीटों की संख्या 6,992 से बढ़कर 8,245 हो गई है।
पिछले चुनाव में भाजपा को मिले थे ज्यादा जिला प्रमुख
पिछले पंचायत चुनाव चक्र यानी 2020-21 में भाजपा ने 17 जिला प्रमुख पदों पर जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस को 13 जिला प्रमुख पद मिले थे। तीन जिला परिषदों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जिला प्रमुख पद हासिल किया था। उस समय राजस्थान में 33 जिले थे।
