कला,संस्कृति और तरह तरह के रंगों से भरपूर विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेले का आज से शुभारंभ हो गया है। मेले में आज देश-विदेश के साथ साथ राजस्थान के कोने कोने से लोग ब्रहृमा नगरी पुष्कर पहुंचे। पुष्कर मेले के पहले दिन लाखों की तादाद में सैलानी और पशुपालक और श्रद्धालु पुष्कर में जमा हुए। आज से यहां करीब 8 दिनों तक राजस्थानी संस्कृति,कला और लोगों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
देखने को मिलेगा विश्व का सबसे बड़ा पशु मेला
पुष्कर मेले का आयोजन राजस्थान पर्यटन एवं जिला प्रशासन की ओर से हर साल किया जाता है, जिसमें प्रदेश की वर्षों पुरानी परम्पराएं एवं विरासत देखने को मिलती है। यह रंग रंगीला मेला 'पुष्कर मेले' के नाम से जाना जाता है। यह एक रंगारंग आयोजन है, जिसमें चमचमाते और अनूठे प्रदर्शन होते हैं, विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं और आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसके साथ ही यह मेला विश्व के सबसे बड़े पशु मेले के रूप में भी विख्यात है।
इसलिए विदेशियों में काफी लोकप्रिय है ये मेला
आठ दिवसीय यह मेला संस्कृति एवं साहसिक गतिविधियों का मिश्रण है, जैसे हारमोनी मैराथन (अजमेर की दरगाह शरीफ से लेकर पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर तक), सुबह हाॅट एयर बेलून की उड़ान, नगाड़ा वादन, विभिन्न मंदिरों में पूजा, मांडणा प्रतियोगिता, विदेशी पर्यटकों के साथ फुटबाॅल मैच, एडवेंचर जोन में साहसिक खेल एवं गतिविधियां, शिल्पग्राम हस्तकला बाजार, दीपदान, रंगोली, महाआरती, पुष्कर सरोवर में पुष्कर अभिषेक, आध्यात्मिक पदयात्राएं, ग्रामीण खेल, प्रदर्शनी, स्थानीय कलाकारों का सांस्कृतिक प्रदर्शन के साथ ही मशहूर लोक गायकों एवं अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों का जीवन्त कला प्रदर्शन भी इस दौरान देखा जा सकता है।
इस बार होगा और भी शानदार
इस वर्ष का पुष्कर मेला काफी शानदार होगा और यहां पर्यटकों को शानदार अनुभव प्राप्त होगा। पुष्कर मेले के लिए एक विशेष प्रकार की संकेत ध्वनि बनाई गई है, जिसे पुष्कर पुकार कहा जाता है। यह ध्वनि पूरे मेले के दौरान गूंजती रहेगी और इस मेले को एक अनूठी संगीतमय पहचान देगी।
एलिवेटेड सिटिंग एरिया, जहां दिखेगा पूरे मेले का नजारा
इस बार पुष्कर मेले में पहली बार एलिवेटेड सिटिंग एरिया (सीढ़ी नुमा बैठने का क्षेत्र) तैयार किया गया है। यहां बैठ कर पर्यटक पूरे मेले का नजारा देख सकेंगे। इसे बनाने में पर्यटकों के आराम को ध्यान में रखा गया है, इस रंगभूमि में सभी प्रकार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं, पर्यटक चाहे तो अपना पुष्कर अनुभव ले सकते हैं। इसमें शामिल है बैठने की साफ एवं स्वच्छ व्यवस्था, आरामदाकयक एक लांज जैसा वातावरण एवं मेले की सभी गतिविधियों को देखने की सुविधा इनमें शामिल की गई है।