आमिर खान की 2001 में आई फिल्म 'लगान' के ईश्वर काका जिंदगी की जंग हार गए। नौ साल की बीमारी के बाद कल उनका निधन हो गया। ईश्वर काका यानी श्रीवल्लभ व्यास 60 साल के थे और एक हादसे के बाद से गंभीर बीमारी ने उन्हें जकड़ लिया था।
जयपुर में ली अंतिम सांस
बॉलीवुड में अपना दमदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत चुके श्रीवल्लभ व्यास का स्वर्गवास कल जयपुर में हो गया था। वे करीब नौ साल से बीमार थे। सोमवार को जयपुर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
जैसलमेर के रहने वाले थे व्यास
श्रीवल्लभ व्यास मूलत: स्वर्ण नगरी जैसलमेर के रहने वाले थे। ऐतिहासिक सोनार दुर्ग में उनका पुश्तैनी मकान है। जैसलमेर में प्रारंभिक शिक्षा के बाद वे जयपुर आ गए। 1976 में हिंदी में एमए करने के बाद मायानगरी मुम्बई की तरफ रूख किया और अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा। उनके निधन की खबर फैलते ही स्वर्णनगरी में शोक की लहर छा गई।
हादसे के बाद 9 साल तक बैड पर ही गुजरे
जानकारी के अनुसार 2008 में गुजरात में भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके साथ हादसा हुआ था। वे बाथरुम में फिसल गए थे और उनके सिर पर गंभीर चोट आई जिसके बाद उन्हें पैरालिसिस आ गया। तब से वे बिस्तर पर ही थे। इस हादसे के बाद उनका फिल्मी कॅरियर भी समाप्त हो गया। बीमार होने के बाद उन्हे हैदराबाद ले जाया गया। उसके बाद उनका उपचार जैसलमेर में भी चला। पिछले कुछ समय से श्रीवल्लभ व्यास अपने परिवार समेत जयपुर में ही रह रहे थे।
1981 से शुरू हुआ कॅरिअर, निभाए कई दमदार कैरेक्टर
स्वर्णनगरी के लाल श्रीवल्लभ व्यास का सफर 1981 में दूरदर्शन पर प्रसारित हुए सीरियल 'काठ की गाड़ी' से प्रारंभ हुआ था। उसके बाद उन्हें कईं धारावाहिकों व विज्ञापनों में अभिनय करने का मौका मिला।