छत्तीसगढ़ में पहले चरण के मतदान के दौरान लोगों में गजब का उत्साह दिखा। नक्सलियों की धमकी के बावजूद भारी संख्या में लोग मतदान करने पहुंचे। 18 सीटों पर संगीनों के साये में करीब 70 फीसदी मतदान हुआ। हालांकि इस दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ का मामला भी सामने आया। कड़ी सुरक्षा के बीच किस तरह मतदान हुआ इन तस्वीरों में देखिए।
पहले चरण में छत्तीसगढ़ की 90 में से 18 सीटों पर मतदान हुआ। इनमें बस्तर जिले की 12 और राजनांदगांव की 6 सीटें शामिल थीं। सीएम रमन सिंह, करुणा शुक्ला, कवासी लखमा जैसे दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी है।
पहले चरण की 10 सीटों पर मतदान 3 बजे खत्म हो गया था। बाकी 8 सीटों पर मतदान शाम पांच बजे तक चला। नक्सल प्रभावित मोहला-मानपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोण्डागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोण्टा में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और दोपहर तीन बजे खत्म हो गया था।
दंतेवाड़ा के मडेंडा गांव के लोगों ने बढ़चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। यहां नक्सलियों ने ग्रामीणों को धमकी दी थी कि उंगलियों पर स्याही का निशान देखा, तो उनकी अंगुली काट देंगे।