साल 2023 में कुछ ऐसे चेहरे रहे, जो खट्टी-मीठी यादों के साथ लोगों की जुबां पर छाए रहे। ये लोग किसी न किसी वजह से सोशल मीडिया और दूसरे प्लेटफार्म पर सुर्खियों में रहे। कोई अपनी प्रतिभा से लोगों के दिलों में जगह बनाने में कामयाब रहा तो किसी की सालों की मेहनत का पसीना इस साल सोने की तरह चमका। एक नजर डालते हैं राज्य के इस वर्ष के चर्चित चेहरों पर...
Year Ender 2023: हरियाणा के चर्चित चेहरे, खट्टी-मीठी यादों के साथ लोगों की जुबां पर छाए रहे
सोनीपत के बयानपुर गांव के रहने वाले अंकित बैयानपुरिया प्रधानमंत्री मोदी के साथ स्वच्छता अभियान में झाड़ू लगाने के बाद पूरे देश में एकाएक चर्चा में आ गए। फिटनेस इंफ्लुएंसर अंकित का सोशल मीडिया पर 75 डे हार्ड चैलेंज काफी वायरल हुआ।
नायब सैनी : हरियाणा भाजपा अध्यक्ष बन सबको चौंकाया
हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष को बदलने की चर्चा थी तो कुछ नाम भी लोगों की जुबां पर थे, मगर किसी को यह इल्म नहीं था कि कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी जा सकती है। पीएम मोदी और शाह ने जैसे ही नायब सैनी के नाम पर मुहर लगाई तो वह सुर्खियों में छा गए। बहुत कम लोगों को पता है कि सैनी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ पार्टी ऑफिस में एक कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर की थी। इस वजह से वह मुख्यमंत्री मनोहर लाल के काफी करीबी हैं। उसके बाद वह पार्टी के कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। जिला अध्यक्ष से लेकर महामंत्री और फिर वह विधायक व राज्यमंत्री भी रहे हैं।
एल्विश यादव : बिग बॉस के विजेता, विवादों में भी
एल्विश यादव 2023 में बिग बॉस के ओटीटी सीजन टू के विजेता बने। एल्विश ऐसे पहले प्रतिभागी थे, जिन्होंने वाइल्ड कार्ड एंट्री से बिगबॉस में प्रवेश कर टाइटल अपने नाम किया। विजेता बनने के बाद एल्विश युवाओं के दिलों में छा गए। उनके अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी पहुंचे थे, जिन्होंने एल्विश की काफी तारीफ भी की। बिगबॉस जीतने के बाद उनके पास एक करोड़ की रंगदारी मांगने की कॉल भी आई। फेमस होने के साथ एल्विश विवादों में भी फंसे। नोएडा में रेव पार्टी में नशे के लिए जहरीले सांपों के जहर के इस्तेमाल करने की बात सामने आई। इसमें एल्विश का भी नाम सामने आया था। पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया था।
अंकित बैयानपुरिया : युवा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के काम से मोदी भी हुए मुरीद
सोनीपत के बयानपुर गांव के रहने वाले अंकित बैयानपुरिया प्रधानमंत्री मोदी के साथ स्वच्छता अभियान में झाड़ू लगाने के बाद पूरे देश में एकाएक चर्चा में आ गए। फिटनेस इंफ्लुएंसर अंकित का सोशल मीडिया पर 75 डे हार्ड चैलेंज काफी वायरल हुआ। इस चैलेंज की हर दिन की दिनचर्या को उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया। उनके वीडियो को देख पीएम मोदी भी काफी प्रभावित हुए थे।
हर वीडियो की शुरुआत में उनकी बोली जाने वाली लाइनें राम राम भाई सारा ने... भी काफी फेमस हुईं। इन वीडियोज के बाद वह सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 76 लाख फॉलोअर्स हैं। उनका 75 डे हार्ड चैलेंज अब 150 दिन तक पहुंच गया है। फेमस होने के बाद अंकित अब भी जीवन देसी स्टाइल में जीते हैं। जब भी मौका मिलता है तो वह मां के हाथों से ही खाना खाते हैं। पहले वह फूड डिलीवरी ब्यॉय का काम कर चुके हैं।
आचार्य सुकामा : वैदिक संस्कृति की रक्षक
रोहतक के रुड़की गांव स्थित विश्वारा कन्या गुरुकुल की आचार्य डॉ. सुकामा को केंद्र सरकार ने जनवरी में पद्मश्री सम्मान से नवाजा। झज्जर के गांव आकपुर में पैदा हुई डॉ. सुकामा को महिला सशक्तीकरण और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया है। उन्होंने अपना जीवन आर्य समाज की शिक्षा को फैलाने के लिए समर्पित कर रखा है। डॉ. सुकामा का कहना है कि गुरुकुल शिक्षा पद्धति से समाज में क्रांतिकारी बदलाव लाए जा सकते हैं।
राष्ट्र को वैदिक संस्कृति की बदौलत ही सही दिशा दी जा सकती है। डॉ. सुकामा विशेष रूप से बेटियों को गुरुकुल शिक्षा पद्धति से शिक्षित करने पर जोर देती हैं। डॉ. सुकामा ने 1988 में बहन डॉ. सुमेधा के साथ मिलकर अमरोहा में श्रीमद् दयानंद कन्या गुरुकुल महाविद्यालय की स्थापना की और 30 वर्ष तक इसका संचालन किया। डॉ. सुकामा को 2009 में आर्ष विद्या भास्कर, 2014 में राष्ट्रीय वेद विद्या पुरस्कार, 2018 में संस्कृत सेवा सम्मान व नारी शक्ति सम्मान सहित कई सम्मान और पुरस्कार मिल चुके हैं।