गोरखपुर जिले में मंगलवार सुबह बारिश से मौसम सुहाना हो गया। सुबह अचानक काली घटाएं छा गईं और फिर झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे की बारिश की वजह से शहर के निचले इलाकों में जलभराव होने के साथ तापमान में भी गिरावट आ गई और मौसम सुहाना हो गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है।
गोरखपुर: झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, अगले दो दिन हल्की बूंदाबांदी की संभावना
सोमवार को सुबह शुरू हुई बारिश तकरीबन 11 बजे तक पूरी तरह से बंद हो गई, लेकिन इसके बाद भी आसमान में बादल छाए रहे।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय के अनुसार, आंध्र प्रदेश से पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर गुजर रही ट्रफ लाइन की वजह से बुधवार और गुरुवार को भी बादल छाए रहेंगे। इसकी वजह से हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
निचले इलाकों में जलभराव, लगी रही नगर निगम की टीम
बारिश की वजह से शहर के निचले इलाकों में हल्का जलभराव हो गया। हालांकि एक से दो घंटे में ही सभी जगहों से पानी निकल गया। सबसे ज्यादा दिक्कत नालियों के चोक होने की वजह से हुई। बारिश के दौरान नगर आयुक्त अविनाश सिंह के दिए निर्देश के अनुसार नगर निगम की टीम नालियों की सफाई और जल निकासी के काम में लगी रही।
सभी नालों पर इकट्ठे कूड़े को साफ कराया गया, और पानी के बहाव को पूर्ववत सही कराया गया। साथ ही जिन स्थानों पर पंपों की आवश्यकता पड़ी, वहां उसे लगाकर जलनिकासी कराई गई। इस क्रम में अंधियारीबाग, चरगावां, शताब्दीपुरम, नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर, सूरजकुंड, इलाहीबाग, मोहरीपुर, महेवा, बरगदवां, लोहियानगर, आवास विकास कॉलोनी शाहपुर, पुराना गोरखपुर में नाला सफाई कराई गई।