कोरोना महामारी के बीच दूसरे लहर की आशंका ने विभाग के सामने चुनौतियां बढ़ा दी है। यही वजह है कि विभाग अब शासन के निर्देश पर गैर राज्यों और विदेश से आने वाले लोगों पर विशेष निगाह रख रही है। पिछले दो से तीन दिनों के अंदर स्वास्थ्य विभाग ने मुंबई, दिल्ली, छत्तीसगढ़, पंजाब, केरल, कर्नाटक, तमिलानाडु सहित अन्य राज्यों से आने वाले 741 और 67 विदेश से आने वाले लोगों की जांच एंटीजन किट से की हैं। राहत की बात यह है कि इनमें कोई भी पॉजिटिव नहीं मिला है।
कोरोना अलर्ट: 741 लोग अलग-अलग राज्यों से आए गोरखपुर, विदेश से 67 पहुंचे अपने घर
जानकारी के मुताबिक शासन ने सख्त निर्देश दिए हैं कि मुंबई, दिल्ली, केरल, पंजाब, कर्नाटक, तमिलनाडु समेत विदेश से आने वाले सभी लोगों की जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए। जिससे की कोरोना के दूसरे लहर को रोका जा सके। इस निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर जांच शुरू किए।
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की गाड़ियों में आने वाले गैर राज्यों की जांच के निर्देश शासन की ओर से मिले हैं। कहा गया है कि 10 प्रतिशत लोगों की जांच हर हाल में की जाए। लेकिन ऐसा नहीं हो पा रहा है। क्योंकि लोग जांच कराने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। यही वजह है कि एक बार फिर जिला प्रशासन ने रेलवे को पत्र लिखकर आरपीएफ और जीआरपी जवानों की मांग की है। जिससे की 10 प्रतिशत लोगों की जांच कराई जा सके।
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि रेलवे को जांच में सहयोग के लिए पहले भी पत्र लिखा जा चुका है। दोबारा पत्र प्रशासन की ओर से लिखा गया है। अभी स्वास्थ्य विभाग की टीम रेलवे स्टेशन पर जांच कर रही है। एक दिन में करीब 70 से 80 लोगों की ही जांच हो पा रही है।