नए साल के पहले ही दिन सड़क पर भविष्य की तस्वीर दिख गई। रविवार सुबह घूमने निकले लोगों के उत्साह को जाम ने ठंड से भी ज्यादा ठंडा कर दिया। हालत यह रही कि 20 मिनट की दूरी को तय करने में डेढ़ से दो घंटे लग गए। मॉल और पार्कों में खूब भीड़ देखी गई, लेकिन जैसे ही लोग सड़कों पर उतरे जाम ने कड़ाके की ठंड में पसीने छुड़ा दिए। ट्रैफिक पुलिस की डायवर्जन की व्यवस्था भी असफल रही।
Gorakhpur News: नए साल के पहले दिन ही दिखी भविष्य की तस्वीर, 20 मिनट की दूरी तय करने में लगे डेढ़ से दो घंटे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रविवार को दोपहर से लेकर शाम तक शहर की सड़कों पर विभिन्न जगहों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं। मोहद्दीपुर से पैडलेगंज, ट्रांसपोर्ट नगर, वी-पार्क रोड और गोरखनाथ इलाके में लोग जाम से तिलमिला उठे। पुलिस प्रशासन ने एक दिन पहले डायवर्जन का दावा करते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की बात कही थी, जो पूरे दिन हवा-हवाई साबित हुई। लोगों को यह भी एहसास हो गया कि जब नए साल के पहले दिन यह हाल है तो पूरे साल क्या हाल रहने वाला है।
मोहद्दीपुर चौराहे पर दोपहर से जाम लगने लगा था, जो देर शाम तक चलता रहा। मोहद्दीपुर से वी-पार्क की तरफ जाने वाले वन-वे पर दोनों तरफ से गाड़ियों का आना-जाना शुरू हो गया। इस वजह से रेलवे जीएम आवास के सामने वाली सड़क पर जाम लग गया, जिससे लोग परेशान रहे। पैडलेगंज से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर और नौसढ़ तक स्थिति ऐसी ही बनी रही।
सबसे ज्यादा जाम गोरखनाथ इलाके में रहा। गोरखनाथ से स्पोर्ट्स कॉलेज जाने वाले रास्ते पूरी तरह जाम नजर आए। लोगों को जिस गली में जगह दिखी, जाम से निजात पाने के लिए उसी में घुस गए। गोरखनाथ में फंसे पवन ने बताया कि गोरखनाथ मंदिर से स्पोर्ट्स कॉलेज तक जाने में दो घंटे से अधिक का समय लग गया। जबकि यह रास्ता 15 मिनट में तय हो जाता है। यही हाल पैडलेगंज से रामगढ़ताल इलाके में भी रहा। तारामंडल क्षेत्र की हर गली में लोग शार्टकट के चक्कर में घंटों फंसे रहे। तारामंडल के रहने वाले गौरव त्रिपाठी ने बताया कि जिस गली में कभी जाम नहीं लगता था वहां मोटरसाइकिल निकालने में पसीने छूट गए।
ट्रैफिक व्यवस्था का इंतजाम दिखा फेल
ट्रैफिक व्यवस्था के बेहतर इंतजाम का दावा करने वाली ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था हर चौक चौराहे पर फेल दिखी। यही वजह है कि लोग व्यवस्था को कोसते नजर आए। लोगों का कहना था कि हवा-हवाई डायवर्जन कर लोगों को केवल परेशान किया जाता है। नए साल की रंगत जाम की वजह से फीकी पड़ गई। तरंग क्रासिंग से लेकर गोरखनाथ के 10 नंबर बोरिंग तक की व्यवस्था बेहद खराब रही।