यूपी: छह फरवरी को इस हाल में मिला था नर्सिंग छात्रा का शव, अब एसपी ने दिया खास आदेश
सिंचाई विभाग के कर्मचारी प्रेम नारायण सिंह की बेटी तान्या सिंह की मौत के मामले में कैंट पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा बढ़ा दी है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। अब एसपी सिटी के आदेश पर पुलिस ने धारा बढ़ाकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, बेतियाहाता में परिवार के साथ रहने वाली छात्रा तीन फरवरी को लापता हो गई। छह फरवरी को राजघाट पुल के पास कृत्रिम पोखरे में उसका शव मिला। पर्स में मिले आधार कार्ड से शिनाख्त कर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी थी। पोस्टमार्टम में गले के पीछे की हड्डी टूटने और दम घुटने से मौत की वजह सामने आई है। प्रभारी निरीक्षक कैंट रवि राय ने बताया कि छात्रा की गुमशुदगी दर्ज थी, जिसे हत्या में तरमीम कर दी गई। जांच में मिले साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की जांच में सिंचाई विभाग कर्मचारी की बेटी तान्या सिंह की मौत खुदकुशी की ओर जा रही है। पुलिस की जांच में हत्या का कोई तथ्य अब तक सामने नहीं आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्दन में चोट और दम घुटने की बात कही गई थी। पुलिस के मुताबिक, तान्या मूर्ति विसर्जन वाले पोखरे में जब कूदी थी तो उसके गर्दन की हड्डी टूटी होगी। फिर पानी की वजह से दम घुट जाने से उसकी मौत हो गई होगी।
फोन पर 40 मिनट तक हुई थी दोस्त से बातचीत
पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तान्या की कॉल डिटेल निकाली थी। पुलिस के मुताबिक, कॉल डिटेल को खंगाला गया तो पता चला कि एक दोस्त से वह लगातार बातचीत कर रही थी। करीब 40 मिनट तक एक दोस्त से बातचीत हुई थी। घटना वाले दिन दोस्त की लोकेशन खंगाला गया तो पता चला कि वह नैनीताल में था। इसके बाद पिता की लोकेशन भी खंगाली गई। भाई आदित्य प्रताप सिंह के पास तान्या ने हाथ के नस को काटने की कोशिश करते फोटो भी भेजी थी। पुलिस की जांच में सारे तथ्य खुदकुशी करने वाले ही सामने आए हैं। हालांकि पुलिस अभी खुदकुशी की वजह को नहीं बता पा रही है।
गोरखपुर में छह फरवरी को तान्या का शव गीडा इलाके के राजघाट पुल किनारे मूर्ति विसर्जन पोखरे में मिला था। कैंट थाने में गुमशुदगी दर्ज होने की वजह से केस को कैंट पुलिस के हवाले कर दिया गया था। मूलत: बेलघाट क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी प्रेम नारायण सिंह सिंचाई विभाग में ऑपरेटर के पद पर तैनात हैं। परिवार के साथ बेतियाहाता में किराए के कमरे में रहते हैं। दो बेटी और एक बेटा में सबसे बड़ी तान्या थी। उसने गंगोत्री देवी स्कूल ऑफ नर्सिंग से नर्सिंग डिप्लोमा कोर्स भी किया था। तीन फरवरी की दोपहर में दाउदपुर स्थित एक नर्सिंग होम में इंटरव्यू की बात कह कर वह घर से निकली। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंची तो परिवार वालों तलाश शुरू कर दी।