समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार देर शाम रोड शो निकालकर ताकत का अहसास कराया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैदान से शुरू रोड शो गोलघर काली मंदिर तक गया। करीब पांच किलोमीटर तक जगह-जगह अखिलेश के समाजवादी विजय रथ का स्वागत किया गया। इस दौरान लोगों ने छतों से फूल बरसाए।
UP Election 2022: गोरखपुर में रोड शो के जरिए अखिलेश यादव ने दिखाई ताकत, छतों से बरसाया गया फूल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अखिलेश ने रथ के गेट पर खड़े होकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया और हाथ जोड़कर हौसला आफजाई की। हाथ मिलाया। ऑटोग्राफ दिए। बड़े- बुजुर्गों का हाल पूछा, पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील की। साथ ही छोटे बच्चों को दुलारा भी।
अखिलेश यादव की विजय रथ यात्रा सूरजकुंड फ्लाईओवर होते हुए दुर्गाबाड़ी चौक गंगेज चौक, तिवारी हाता होते हुए जटाशंकर चौक, धर्मशाला चौक, यातायात तिराहा, पटेल चौक होते काली मंदिर चौक पहुंची। करीब पांच किलोमीटर लंबे रूट को तय करने में करीब तीन घंटे का समय लगा। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैदान से विजय रथ शाम 6:10 बजे चला जो करीब 7:40 बजे दुर्गा बाड़ी चौक, 8:35 पर धर्मशाला चौराहा और रात 9 बजे के करीब गोलघर काली मंदिर पहुंच सका। अंत में अखिलेश ने जनसभा की और 9:33 बजे तक संवाद करते रहे।
... और रथ की छत पर पहुंच अखिलेश ने किया अभिवादन
रोड शो के दौरान सूरजकुंड ओवरब्रिज, दुर्गाबाड़ी चौराहा, गंगेज चौराहा समेत कई स्थानों पर अखिलेश यादव बस की छत पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने घरों की छतों पर खड़े लोगों, रथ के आगे-पीछे चल रहे लोगों का कभी हाथ हिलाकर तो कभी हाथ जोड़कर अभिवादन किया। उधर, सड़क की दोनों तरफ घरों से लोगों ने फूलमाला उछालकर अखिलेश का स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीण विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी विजय बहादुर यादव और शहर से प्रत्याशी सुभावती शुक्ला उनके साथ रहे।
खूब भेंट की गई साइकिल, सेल्फी लेने के लिए रही होड़
रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में सपा समर्थकों ने प्रतीकात्मक तौर पर अखिलेश को साइकिल भेंट की। वहीं, रथ रुकते ही कई समर्थक अपने नेता के साथ सेल्फी लेने के लिए दौड़ते दिखे। अखिलेश ने खूब धैर्य दिखाया। समर्थकों के मोबाइल फोन के फोटो फ्रेम में आने के लिए कभी झुकते तो कभी रथ का दरवाजा पकड़कर लटकते रहे।
पटाखे और शंख बजाकर स्वागत
विजय रथ यात्रा के धर्मशाला पहुंचने पर सपा समर्थकों ने आतिशबाजी की। यात्रा जब अंतिम पड़ाव गोलघर काली मंदिर पहुंची तो कई ब्राह्मणों ने शंख बजाकर अखिलेश का स्वागत किया और आशीर्वाद दिया। भगवान परशुराम की मूर्ति व फरसा देकर अखिलेश का स्वागत किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष अवधेश यादव, महानगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार त्रिपाठी, संजय लाठर, राहुल सिंह, डॉ. मोहसिन खान, चंद्रबली यादव, नगीना प्रसाद साहनी, जफर अमीन डक्कू, जियाउल इस्लाम, अखिलेश यादव, अशोक यादव, संजय पहलवान, प्रमोद यादव, राघवेंद्र तिवारी राजू, पंकज शाही, अशोक चौधरी, जितेंद्र यादव, सिंहासन यादव, अरविंद शुक्ला, अमित शुक्ला, सहाब अंसारी, इनामुल्लाह खान, हाजी शकील अंसारी, कीर्तिनिधि पांडेय समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रेलवे स्टेशन के पास जोरदार स्वागत, गोद में बच्चे लेकर पहुंचीं महिलाएं
अखिलेश की विजय रथ यात्रा रात 8:45 बजे रेलवे स्टेशन गेट संख्या पांच के पास पहुंची तो समर्थकों ने नारेबाजी कर स्वागत किया। फूल-माला और स्मृति चिह्न भेंट किए। आतिशबाजी हुई। कई महिलाएं गोद में बच्चों को लेकर अखिलेश को देखने पहुंचीं। समर्थक इतने उत्साह में थे कि अपनी गाड़ियों, स्टेशन परिसर की रेलिंग, पोल पर चढ़ गए। वहीं, अखिलेश ने शहर विधानसभा क्षेत्र की प्रत्याशी के साथ रथ पर चढ़कर सभी का अभिवादन किया।
मेट्रो में नहीं, जनता को पानी में चलना पड़ा : अखिलेश
रोड शो समाप्त होने पर गोलघर काली मंदिर के पास अखिलेश यादव ने रथ से ही लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बाबा मुख्यमंत्री को विकास पसंद नहीं है। शहर में अंधेरा है। वे जिस रूट से रोड शो करते आए, वहां और गंतव्य स्थान पर भी अंधेरा है। शहर में मेट्रो तो शुरू नहीं हो सकी। बरसता के मौसम में लोग नाव से जरूर चले। शहर के मोहल्लों में लोग जलभराव की समस्या से जूझते रहे।