डांस रियलिटी शो 'सुपर डांसर-2' के फाइनल में पहुंच चुके कानपुर के रितिक दिवाकर की मदद के लिए बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन आगे आए हैं। एक्टर ने ऐलान किया है कि वह रितिक की पढ़ाई या डांस की ट्रेनिंग में होने वाला खर्च उठाएंगे।
वरुण धवन 'सुपर डांसर-2' में अपनी फिल्म 'अक्टूबर' का प्रमोशन करने पहुंचे थे। शो के फिनाले एपिसोड में पहुंचे वरुण रितिक की परफॉर्मेंस से बहुत प्रभावित हुए। जब उन्हें रितिक के घर की माली हालत के बारे में पता चला तो उन्होंने कंटेस्टेंट की मदद करने का फैसला किया। वरुण धवन ने कहा, 'मैं इस शो को सोशल मीडिया पर फॉलो करता हूं। मैंने रितिक की कुछ परफॉर्मेंसेज भी देखी हैं।'
10 साल के रितिक कानपुर के इमलीपुर गांव में रहते हैं। उनके पिता गौरीशंकर विकलांह हैं और मां प्राइवेट नौकरी कर परिवार का खर्च चलाती हैं। रितिक को बचपन से ही डांस करने का शौक है। एक बार जब वह वाटर पार्क में स्टेज पर डांस कर रहे थे, तब उनकी परफॉर्मेंस से श्री विनायक डांस एकैडमी के योगेश कुशवाहा इतने प्रभावित हुए कि उन्हें फ्री में डांस ट्रेनिंग देने का फैसला किया।
बता दें कि 'सुपर डांसर-2' के दौरान ही रितिक के घर चोरी हो गई थी। घर की हालत पहले ही खराब थी। ऐसे में शो पर बतौर मेहमान बनकर आए बादशाह, राघव, रित्विक धंजानी, वरुण धवन समेत सोनी टीवी ने इस कंटेस्टेंट की मदद करने का फैसला किया। किसी ने रितिक के घर की छत के लिए पैसे दिए तो किसी ने टीवी, वॉशिंग मशीन जैसी जरूरी चीजें गिफ्ट कर दीं।
'सुपर डांसर-2' के फिनाले एपिसोड में रितिक ने 'बुलेया', 'दिल दिया गल्लां' और फिल्म 'दंगल' के टाइटल ट्रैक पर डांस परफॉर्मेंस दी। बता दें कि रितिक दिवाकर शो के चार फाइनलिस्ट्स में से एक हैं। उनके अलावा आकाश थापा, बिशाल शर्मा और वैष्णवी प्रजापति भी ट्रॉफी की रेस में हैं। विजेता का फैसला दर्शकों की लाइव वोटिंग के आधार पर होगा। फिनाले एपिसोड के लिए गेस्ट, जज और कंटेस्टेंट्स की परफॉर्मेंस की शूटिंग हो चुकी है और वोटिंग वाला हिस्सा लाइव प्रसारित होगा। फिनाले एपिसोड शनिवार रात टेलीकास्ट होगा।