ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल ने साल 2022 के 23वें हफ्ते की टीआरपी लिस्ट जारी कर दी है। बार्क इंडिया द्वारा जारी लिस्ट में इस हफ्ते कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। इस हफ्ते टॉप पांच में जगह बनाने के लिए हर एक सीरियल के बीच में कांटे की टक्कर देखने को मिली है। पिछले हफ्ते टीआरपी में धमाकेदार एंट्री मारने के बाद 'बन्नी चाऊ होम डिलिवरी' से दर्शक बड़ी-बड़ी उम्मीद कर रहे थे, लेकिन यह सीरियल इस हफ्ते दर्शकों को ज्यादा आकर्षित नहीं कर पाया। जहां एक ओर बन्नी चाऊ की टीआरपी में गिरावट देखने को मिली है, वहीं दूसरी तरफ अनुपमा एक बार फिर इस लिस्ट में टॉप पर काबिज है। इसके अलावा कई सीरियल्स ने अपनी पोजीशन कायम रखी है। आइए जानते हैं इस हफ्ते किस शो को दर्शकों ने किया सबसे ज्यादा पसंद और कौन-सा शो हुआ टॉप 5 में शामिल...
TRP Week 23: 'बन्नी चाऊ होम डिलीवरी' को दी इस शो ने मात, 'अनुपमा' एक बार फिर नंबर वन पर काबिज
अनुपमा
रूपाली गांगुली, सुधांशु पांडे, गौरव खन्ना और मदालसा शर्मा स्टारर इस सुपरहिट शो में चार नए किरदारों की एंट्री देखने को मिली है। सीरियल में बरखा और उसके परिवार के आने के बाद से अनुज और अनुपमा की जिंदगी में बड़ा बदलाव देखने मिल रहा है। लेकिन, अनुपमा अपनी जिंदगी में आने वाली परेशानियों का डटकर सामना कर रही है। ऐसे में शो में लगातार आ रहे ट्विस्ट एंड टर्न ने इसे एक बार इस लिस्ट में फिर पहला स्थान दिलाया है। इस मशहूर सीरियल को इस हफ्ते 2.7 मिलियन व्यूअरशिप इंप्रेशन मिले हैं।
ये रिश्ता क्या कहलाता है
इस हफ्ते शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' की टीआरपी में जबरदस्त उछाल देखने मिला है। बीते हफ्ते नंबर चार की पोजिशन पर रहा यह शो इस हफ्ते सीरियल 'बन्नी चाऊ' और 'गुम है किसी के प्यार में' को पछाड़ते हुए दूसरे नंबर पर आ गया है। प्रणाली राठौड़ और हर्षद चोपड़ा स्टारर शो को इस बार 2.2 मिलियन व्यूअरशिप इंप्रेशन मिले हैं, जिसका मतलब है कि शो में चल रहा ट्रैक दर्शकों को खूब भा रहा है।
गुम है किसी के प्यार में
स्टार प्लस के मशहूर सीरियल ‘गुम है किसी के प्यार में’ में इन दिनों सम्राट और उनके बच्चे की मौत की वजह से विराट और सई की जिंदगी में तबाही मची हुई है। ऐसे में शो में लगातार ट्विस्ट एंड टर्न देखने को मिल रहे हैं। शो में जारी इस उतार- चढ़ाव की वजह से यह शो इस हफ्ते भी तीसरे स्थान पर रहा है। इस सीरियल को 2.1 मिलियन व्यूअरशिप इंप्रेशन मिले हैं।
बन्नी चाऊ होम डिलिवरी
हाल ही में स्टार प्लस पर शुरू हुआ नया शो 'बन्नी चाऊ होम डिलिवरी' इस हफ्ते इस लिस्ट में दूसरे स्थान से खिसककर चौथे स्थान पर आ गया है। जी हां, आते ही जिस शो ने तमाम टीवी सीरियल्स को पीछे छोड़ दिया था, इस बार इसकी व्यूअरशिप में गिरावट देखने को मिली है। इस हफ्ते इस सीरियल ने 2.1 मिलियन व्यूअरशिप इंप्रेशन हासिल किए हैं।