डांस रियलिटी शो 'झलक दिखला जा 10' को अपना विनर मिल गया है। 8 साल की गुंजन और 12 साल के तेजस इस सीजन के विनर घोषित हुए हैं। यह शो जितने के बाद गुंजन और तेजस को एक चमचमाती ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये का इनाम भी मिला। सोशल मीडिया पर दोनों को ढेर सारी बधाई मिल रही है। लेकिन सोशल मीडिया पर एक वर्ग ऐसा भी है, जिन्हें चैनल का यह फैसला पसंद नहीं आया और अब शो के मेकर्स जमकर ट्रोल हो रहे हैं।
शो के टॉप तीन में गुंजन के साथ रुबीना दिलैक और फैसल शेख ने जगह बनाई थी। कई लोगों का मानना है कि रुबीना दिलैक और फैसल शेख में से कोई एक शो का विनर बनना डिजर्व करता है। कई लोगों ने मेकर्स पर यह भी आरोप लगाया है कि उन्होंने एक-एक करके सबको हटाया है ताकि गुंजन विनर बन सके। मेकर्स की इस प्लानिंग को सोशल मीडिया यूजर ने दुखद बताया है।
ट्विटर पर लोग 'कलर्स टीवी' के लिए अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। कई लोगों ने विनर फिक्स बताया है तो कुछ लोगों ने यह भी लिखा है कि गुंजन का शो में आना ही गलत है। एक यूजर ने लिखा, 'झलक का मंच नॉन डांसर के लिए है और गुंजन एक ट्रेंड डांसर हैं तो जाहिर है उन्हें तो जीतना ही था।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'मेरे लिए मिस्टर फैसू ही विनर है।' तीसरे यूजर ने लिखा, 'गुंजन ने झलक जीत लिया। कितनी शर्म की बात है। कलर्स की प्रोडक्शन टीम कितनी पक्षपाती है। तुम्हे शर्म आनी चाहिए।'

कौन हैं गुंजन सिन्हा?
गुंजन सिन्हा असम के गुवाहाटी की रहने वाली हैं और वह महज आठ साल की हैं। 'झलक दिखला जा' की विनर बनने से पहले गुंजन 'डांस दीवाने सीजन 3' में नजर आई थीं। हालांकि, वह इस शो को जीत नहीं पाईं। गुंजन सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं। वह अक्सर कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा के साथ शानदार वीडियो शेयर करती रही हैं।