कपिल शर्मा एक के बाद एक नई मुसीबत में घिरते नजर आ रहे हैं। शो के दौरान उन पर कई स्टार्स को इंतजार करवाने के आरोप लगते रहे हैं।वहीं सोनी चैनल पर आने वाले उनके शो 'फैमिली ड्रामा विद कपिल शर्मा' की गिरती टीआरपी भी उनके लिए मुसीबत बन गई है। खबरें तो यहां तक थी कि शो को अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिलने की वजह से यह बंद हो सकता है।
अब ऐसी खबर आई है जिससे कपिल को थोड़ी राहत मिलती दिख रही है। कपिल के इतने विवादों में घिरने के बावजूद चैनल उनका साथ नहीं छोड़ेगा। रही बात टीआरपी गिरने की तो शो की क्रिएटिव टीम इस पर जोरो शोरो से काम कर रही है।
दैनिक भास्कर वेबसाइट के मुताबिक सोनी चैनल चाहे भी तो कपिल का यह नया शो बंद नहीं कर सकता है। इसके पीछे वजह है स्पॉन्सर्स का लगा पैसा। कपिल के शो के लिए 11 बड़े स्पॉन्सर्स से चैनल ने करीब 20 करोड़ से ज्यादा रुपए लिए हैं। इस पैसे का एक बड़ा हिस्सा वह एडवांस भी ले चुके हैं। ऐसे में चैनल के पास इस शो को टेलिकास्ट करने के सिवा कोई और दूसरा रास्ता नहीं है।
ऐसे में इस शो को बंद करने का सवाल ही नहीं उठता है। अगर कपिल शर्मा इस शो को छोड़ भी देते हैं तो किसी और कॉमेडियन या सेलिब्रिटी को लेकर शो को जारी रखा जाएगा। शायद यही वजह है कि कपिल ने एक वेबसाइट के एडिटर को फोन पर गालियां तक दी। कपिल को लगता है कि उनके खिलाफ खबरें लिखने से उनकी इमेज पर बुरा असर पड़ रहा है।
कपिल शर्मा के शो को मिल रही तीखी प्रतिक्रिया और अब उन पर भद्दी गालियां देने का आरोप है। हाल ही में कपिल ने अपनी दो एक्स मैनेजर और एक पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। जिसके बाद उनकी एक्स गर्लफ्रेंड और उनकी पूर्व मैनेजर प्रीति सिमोस ने खुलासा किया कि 'कपिल की दिमागी हालत ठीक नहीं है और वह कभी भी सुसाइड कर सकते हैं।'