दिग्गज टीवी और फिल्म प्रोड्यूजर एकता कपूर जल्द कामसूत्र पर आधारित अपना अगला शो लॉन्च करेंगी। इसकी स्क्रिप्टिंग का काम शुरू हो चुका है और खुद एकता इसे सुपरवाइज कर रही हैं। खबर है कि इसकी कहानी राजस्थान के गोली जाति की महिलाओं से प्रेरित है।
यह शो वात्स्यायन की रचना पर आधारित होगा। प्रोडक्शन हाउस से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया, 'यह एक काल्पनिक सीरीज होगी जो राजस्थान में रहने वाले गोली जाति लोगों पर आधारित होगी। माना जाता है कि इस समुदाय की महिलाएं महाराजाओं की रखैल बनती थीं और उसी महल में रहती थीं जहां रानियां रहती थीं।'
कहा जाता है कि वैश्या बनने के बावजूद गोली जाति की महिलाएं आजादी से अपनी जिंदगी जीती थीं और उन्हें कई अधिकार भी दिए गए थे। एकता कपूर लंबे वक्त से इस विषय पर शो बनाने की सोच रही थीं। उन्हें शो के लिए एक ऐसे डायरेक्टर की तलाश है जो इस विषय पर संवेदनशील और खूबसूरत सीन्स से भरा शो तैयार कर सके।
प्रोडक्शन हाउस ने इस शो की खबर की पुष्टि करते हुए कहा, 'भारत कामसूत्र का देश है और यह जरूरी है कि बिना किसी जजमेंट के हमारी संस्कृति के इस हिस्से पर प्रकाश डालें।' एकता कपूर का यह शो उनके वेब प्लैटफॉर्म अल्ट बालाजी पर प्रसारित होगा।
यह पहला मौका होगा जब कामसूत्र पर कोई वेब सीरीज बनेगी। हालांकि, इस विषय पर पहले कई फिल्में-'कामसूत्र: ए टेल ऑफ लव', 'कामसूत्र 3डी', 'टेल्स ऑफ कामसूत्र 2: मॉनसून' और 'टेल्स ऑफ कामसूत्र: द परफ्यूम्ड गार्डेन' बन चुकी हैं।