'दिल मिल गये' (Dill Mill Gaye) सीरियल में डॉ रिद्धिमा (Dr Riddhima) का किरदार निभाने वाली शिल्पा आनंद (Shilpa Anand) लंबे वक्त से लाइमलाइट से दूर हैं। ग्लैमर की दुनिया से दूर जाने के बाद शिल्पा आनंद ने अपना नाम बदलकर ओहाना शिवानंद (Ohana Shivanand) कर लिया था। शिल्पा आनंद ने हाल ही में फेसबुक पर एक पोस्ट लिखा है। इस पोस्ट के जरिए एक्ट्रेस ने अपनी बहन की सास पर अपनी और मां की हत्या करने की साजिश का आरोप लगाया है। शिल्पा ने अपने इस लंबे चौड़े पोस्ट में रिश्तेदारों को लेकर बड़े खुलासे किए। शिल्पा का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
टीवी की 'डॉ रिद्धिमा' ने फेसबुक पर लिखी पोस्ट, 'मेरी और मां की हत्या की साजिश रच रहीं बहन की सास'
इस पोस्ट में शिल्पा आनंद ने लिखा- 'कुछ महीने पहले मेरी मां ने बहन की सास के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई थी। मेरी बहन की सास मेरे पति की हत्या करके उनके इंश्योरेंस के पैसे हड़पना चाहती थीं। पुलिस में शिकायत करने की वजह से बहन की सास ने मुझे और मेरी मां को जान से मारने की कोशिश की। बहन की भी हत्या करने की कोशिश की थी। जब वह कामयाब नहीं हो सकी तो अमेरिका चली गईं ताकि वह पुलिस की पहुंच से दूर हो सके।'
शिल्पा ने आगे लिखा- 'इस नोट के जरिए बहन की सास से कहना चाहती हूं कि यदि हिम्मत हैं तो भारत वापस आकर कानून का सामना करें।' शिल्पा आनंद की बहन साक्षी आनंद भी एक्ट्रेस हैं।'साक्षी आनंद ने मलयालम, तमिल और तेलुगू फिल्मों में काम किया है। शिल्पा आनंद की बात करें तो सीरियल दिल मिल गए के अलावा फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। इनमें इकरार बाई चांस, दीवाने हो गए, अलर्ट 24*7, ब्लडी इश्क और ये है लॉलीपॉप रहीं। इन फिल्मों से शिल्पा को कोई फायदा नहीं हुआ।
शिल्पा फिलहाल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। सेल्फी की दीवानी शिल्पा अक्सर अपनी तस्वीरें शेयर करती रहती हैं लेकिन उनका ये ट्रांसफॉर्मेंशन लुक देख फैंस भी हैरान रह गए। उनका बदला लुक पहले से बिल्कुल अलग है। यही नहीं कुछ तस्वीरों में तो उन्हें पहचान पाना मुश्किल है। कई तस्वीरों में शिल्पा घुंघराले बालों के साथ दिखीं। हालांकि कई सालों बाद भी शिल्पा की मुस्कान उनके फैंस को दीवाना बनाने के लिए काफी हैं।
फिलहाल शिल्पा ने पर्दे से दूरी बना रखी है। दिल मिल गए में शिल्पा आनंद और करण सिंह ग्रोवर की केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आई थी। युवाओं के बीच दोनों ने खूब प्यार बटोरा। ऑनस्क्रीन केमेस्ट्री से लेकर रोमांटिक गानों तक, सबकुछ बिल्कुल परफेक्ट लगता था।