कपिल शर्मा के फैंस के लिए एक अच्छी खबर है। जल्द ही उनके फेवरेट कॉमेडी किंग एक नए शो के साथ टीवी पर वापसी कर रहे हैं। इस बात की जानकारी खुद कपिल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर दी है।
बता दें, हाल ही में इस शो का प्रोमो रिलीज किया गया था। इस प्रोमो में कपिल अपने कॉमेडी अंदाज में सोनी के दफ्तर के लिए ऑटो ढूंढते हुए नजर आ रहे थे। हालांकि इस प्रोमो में उनके नए शो का नाम नहीं बताया गया था। लेकिन सोशल मीडिया पर खुद कपिल ने एक पोस्ट डालकर इस राज से पर्दा उठा दिया है।
कपिल ने फेसबुक लाइव चैट करते समय अपने नए शो का नाम बताया है। कपिल ने कहा कि उनके नए शो का नाम ‘फैमिली विद कपिल शर्मा’ होगा। हालांकि उनका यह भी कहना है कि वो बाद में शो का नाम बदल भी सकते हैं।
कपिल ने बताया ‘द कपिल शर्मा शो’ में ऑडियंस के बीच अक्सर कुछ जूनियर आर्टिस्ट भी होते थे, लेकिन नए शो में इसके जगह अलग-अलग शहरों से लोग आकर शो में भाग ले सकेंगे। शो के फार्मेट में भी थोड़ा बहुत बदलाव किया गया है।