पिछले दिनों ऐसी खबरें आई थीं कि टीवी की सबसे महंगी एक्ट्रेस में से एक अंकिता लोखंडे मुंबई के एक बड़े बिजनेसमैन विक्की जैन को डेट कर रही हैं। दोनों की नजदीकियां पिछले साल तब बढ़ी थीं जब ये साथ में होली सेलिब्रेशन पार्टी में पहुंचे थे। इससे पहले अंकिता लोखंडे एक्टर सुशांत सिंह राजपूत को डेट कर रही थीं। करीब 2 साल बाद उनका ब्रेकअप हो गया। अब पहली बार अंकिता ने इस मामले में बोला है।
कभी सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे टीवी इंडस्ट्री के बेस्ट कपल कहे जाते थे। दोनों 6 साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में थे। कहा तो यहां तक जा रहा था कि जल्द ये कपल शादी कर लेगा लेकिन तभी खबर आई कि इन दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया है।
अब डीएनए से बात करते हुए अंकिता ने अपने ब्रेकअप के बारे में बताया कि 'जब मैं काम नहीं कर रही थी तब भी मैं संतुष्ट थी और फिर काम के दौरान भी मैं संतुष्ट थी। मैं ये नहीं कहूंगी कि ब्रेकअप ने मेरे करियर को नुकसान पहुंचाया पर फिर भी काम और प्यार दो अलग चीजें हैं। आपको दोनों में संतुलन बनाना होता है और मैं कहूंगी कि मैं ये नहीं कर पा रही थी।'
अंकिता ने आगे कहा, 'इसका आप पर बहुत असर होता है। आप को पता नहीं चलता कि आपके साथ क्या हो रहा है लेकिन सब कुछ अखबार में होता है। हालांकि, मुझे लगता है ये आपको मजबूत बनाता है। आज मुझे कुछ महसूस नहीं होता। बस जो भी हुआ, मेरे परिवार वाले और दोस्त मेरे साथ थे।'
अंकिता ने कहा, 'मैं अभी भी अपने प्रिंस चार्मिंग के इंतजार में हूं, लेकिन मैं जानबूझकर अभी किसी की तलाश में नहीं हूं। मैं अब इससे ऊपर उठ चुकी हूं। मुझे जिंदगी में कुछ बनने के लिए साथी की जरूरत नहीं, इसके लिए मैं अवॉर्ड्स लेना पसंद करूंगी।' अंकिता की बातों से तो ऐसा ही लगता है कि अभी फिलहाल वो किसी को डेट नहीं कर रही हैं और सिंगल ही हैं।