ये प्रेम मोल लिया: अनुपम खेर ने की सूरज बड़जात्या की फिल्म की समीक्षा, बोले- आज के दौर की जरूरी बात कहती है
- 'ये प्रेम मोल लिया' का फैंस को बेसब्री से इंतजार है।
- वहीं अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर फिल्म की तारीफ की।
- एक्टर ने सूरज बड़जात्या कई फिल्मों में बतौर अभिनेता काम किया है।
विस्तार
फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है। अभिनेता अनुपम खेर निर्देशक की कई फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। अब उन्होंने आगामी फिल्म पर भी अपनी राय सोशल मीडिया के जरिए व्यक्त की है।
क्या था अनुपम का पोस्ट?
अनुपम खेर ने सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के बारे में अपनी राय रखी। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘सूरज, क्या फिल्म बनाई है आपने सूरज बड़जात्या उन लोगों में से हैं जिन्हें आज भी पूरा यकीन है कि अच्छाई हमेशा काम करती है। इतने वक्त में उनका ये यकीन जरा भी नहीं बदला। शायद इसलिए कि सूरज खुद अपनी जिंदगी में उस अच्छाई को जीते हैं। कल रात मैंने ‘ये प्रेम मोल लिया’ देखी। मां का रिव्यू तो आप तक पहुंच ही चुका है। मां ने अपने दिल से सौ में से सौ नंबर दिए। अब मेरी बारी थी। सूरज की तारीफ करो तो उन्हें झिझक महसूस होती है।’
अनुपम ने फिल्म पर क्या कहा?
आगे अपनी पोस्ट में अनुपम ने कहा, ‘क्या कमाल की फिल्म है! आज के दौर के लिए कितनी जरूरी बात कहती है। महिलाओं को अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेने की आजादी क्या मायने रखती है, इसका इससे खूबसूरत उदाहरण मैंने बहुत दिनों से किसी फिल्म में नहीं देखा। सूरज ये बात इतनी सहजता से कहते हैं कि आप हंसते भी हैं, आपकी आंखें भी भरती हैं और बात दिल में बैठ जाती है। संगीत लाजवाब है। सबने इतना अच्छा काम किया है कि किसी एक का नाम लेना मुश्किल है। वैसे मैंने भी अच्छा काम किया है! कैमरे का काम, आर्ट डायरेक्शन, कपड़े, संवाद… हर चीज में कितनी बारीकी है। सूरज हर बार मुझे चौंका देते हैं। और जब मैं कहता हूं कि मुझे उन पर बहुत, बहुत, बहुत गर्व है, तो उसमें एक दोस्त की खुशी और एक दर्शक की तालियां, दोनों हैं।’
फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के बारे में
सूरज आर. बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म को राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म में आयुष्मान और शरवरी के अलावा सौम्या टंडन, सीमा पाहवा और स्वानंद किरकिरे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
सूरज, क्या फ़िल्म बनाई है आपने!❤️❤️🥹 सूरज बड़जात्या उन लोगों में से हैं जिन्हें आज भी पूरा यक़ीन है कि अच्छाई हमेशा काम करती है। कई साल में उनका ये यक़ीन ज़रा भी नहीं बदला। शायद इसलिए कि सूरज ख़ुद अपनी ज़िंदगी में उस अच्छाई को जीते हैं।❤️ कल रात मैंने ‘ये प्रेम मोल लिया’ देखी। माँ का रिव्यू तो आप तक पहुँच ही चुका है। माँ ने अपने दिल से सौ में से सौ नंबर दिए। अब मेरी बारी थी। सूरज की तारीफ़ करो तो वो बड़े शर्मा जाते हैं। मैंने कहा, “सूरज, आप यहीं मेरे साथ खड़े रहिए। मुझे ये वीडियो बनाना है। और आज आपको अपनी तारीफ़ सुननी पड़ेगी!”🥹😍 क्या कमाल की फ़िल्म है! आज के वक़्त के लिए कितनी ज़रूरी बात कहती है। महिलाओं को अपनी ज़िंदगी के फ़ैसले ख़ुद लेने की आज़ादी क्या मायने रखती है, इसका इससे ख़ूबसूरत उदाहरण मैंने बहुत दिनों से किसी फ़िल्म में नहीं देखा। और सूरज ये बात इतनी सहजता से कहते हैं कि आप हँसते भी हैं, आपकी आँखें भी भरती हैं और बात दिल में बैठ जाती है।❤️ संगीत लाजवाब है। सबने इतना अच्छा काम किया है कि किसी एक का नाम लेना मुश्किल है। वैसे मैंने भी अच्छा काम किया है🤓! कैमरे का काम, आर्ट डायरेक्शन, कपड़े, संवाद… हर चीज़ में कितनी बारीकी है। सूरज हर बार मुझे चौंका देते हैं। और जब मैं कहता हूँ कि मुझे उन पर बहुत, बहुत, बहुत गर्व है, तो उसमें एक दोस्त की ख़ुशी और एक दर्शक की तालियाँ, दोनों हैं।👏👏❤️ माँ ने अपने नंबर दे दिए। मेरी बात ये है कि एक दर्शक के तौर पर भारत में मैंने जो दस सबसे अच्छी फ़िल्में देखी हैं, उनमें ‘ये प्रेम मोल लिया’ ज़रूर होगी। जिस बात को सूरज ने चुना है, जिस तरह उसे पर्दे पर उतारा है, और जिस तरह के संवाद लिखे हैं, उन्हीं की वजह से। और बड़े दिनों बाद ऐसी फ़िल्म देखी जिसमें न एक गाली है, न थप्पड़, न घूँसा, न कोई बंदूक। आहाहा, मज़ा आ गया! आँखें तर हो गईं। २७ नवंबर को ‘ये प्रेम मोल लिया’ रिलीज़ हो रही है। जाइए, देखिए। अच्छा लगेगा।जय हो! ❤️😍 @rajshri #YehPremMolLiya #SoorajBarjatya
— Anupam Kher (@AnupamPKher) November 24, 2026
