अभिनय की दुनिया में एक बार जिस कलाकार का सिक्का चमक जाता है उसके बाद वह हर जगह हिट साबित होता है चाहे उसमें छोटा परदा हो फिर बड़ा। जब बात बॉलीवुड की चलती है तो इस फील्ड में खाली अभिनय से ही नहीं बल्कि किसी भी कलाकार को हर एंगल से बारिकी से अवगत होना पड़ता है। खैर, यहां बात करेंगे उन टीवी सीरियल के सुपरस्टार की जो फिल्मी परदे पर खुद को बतौर अभिनेता साबित करने में नाकामयाब सबित हुए.....
बॉलीवुड में फ्लॉप साबित हुए थे ये एक्टर्स, छोटे परदे पर जाते ही बन गए सुपरस्टार
आसिफ शेख
यहां सबसे पहले बात करेंगे मशहूर सीरियल 'भाबीजी घर पर हैं' के लीड किरदार आसिफ शेख की। सीरियल में आसिफ 'विभूति नारायण मिश्रा' नामक व्यक्ति का किरदार बखूबी निभा रहे हैं। शो पिछले तीन साल से सुर्खियां बटोर रहा है। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी आसिफ बॉलीवुड फिल्म 'तेरे मेरे सपने' में बतौर अभिनेता काम कर चुके हैं। उन्हें फिल्म करण-अर्जुन में फिल्मी दुनिया के दो सुपरस्टार खान सलमान और शाहरुख खान के साथ भी देखा गया था, लेकिन आसिफ बड़े परदे पर फिसड्डी साबित हुए तो वहीं टीवी की दुनिया में वह आज राज कर रहे हैं।
रोनित रॉय
रोनित रॉय की करियर की कहानी भी कुछ आसिफ शेख जैसी ही है। रोनित कभी सुपरहिट फिल्म 'जान तेरे नाम' में लीड किरदार में नजर आए थे। फिल्म से उन्होंने रातोंरात सुर्खियां बटोर ली थी। फिल्म के गाने भी सुपरहिट साबित हुए थे। लेकिन इसके बाद रोनित को इक्का-दुक्का फिल्मों में ही देखा गया था जिनमें वह बतौर सपोर्टिंग एक्टर नजर आए थे। लेकिन रोनित की किस्मत तब चमक गई जब उन्हें एकता कपूर के मशहूर और सुपरहिट सीरियल 'कसौटी जिंदगी की' में लोकप्रिय मिस्टर बजाज के किरदार मे ंदेखा गया। टीवी के दर्शक आज भी इस नाम को नहीं भूले हैं। बता दें कि रोनित आज भी फिल्मों में कभी इंस्पेक्टर तो कभी निगेटिव किरदार में नजर आते हैं।
आदित्य नारायण
हिंदी सिनेमा में अपनी आवाज का जादू चलाने वाले गायक उदित नारायण के बेटे आदित्य नारायण का नाम भी इस लिस्ट में शुमार है। आदित्य ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट (गायकी और अभिनय) अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। उन्हें शाहरुख खान की 'परदेस' जैसी हिट फिल्म में बाल कलाकार के रूप में देखा गया था। इसके बाद आदित्य ने बतौर अभिनेता साल 2012 में फिल्म 'शापित' में अभिनय किया। फिल्म फ्लॉप हुई क्योंकि आदित्य बतौर अभिनेता खुद को साबित करने में नाकाम रहे। लेकिन अब आदित्य छोटे परदे पर होस्ट बन अपना नाम कमा रहे हैं। फिलहाल वह मोस्ट पॉपुलर टीवी रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' में दिखाई दे रहे हैं।
एजाज खान
आखिर में बात करेंगे टीवी और फिल्म अभिनेता एजाज खान की। एजाज फिल्म 'रक्त चरित्र' और 'अल्लाह के बंदे' जैसी फिल्मों में दिखाई दे चुके हैं। इतना ही नहीं टीवी पर एजाज खान मोस्ट पॉपुलर टीवी रियलिटी शो 'बिग बॉस' में भी तहलका मचा चुके हैं। टीवी सॉप में वह 'रहे तेरा आशीर्वाद' और 'कहानी हमारे महाभारत की' में भी अपने अभिनय को साबित कर चुके हैं। एजाज ने बड़े परदे पर चमकने के लिए खूब मेहनत की लेकिन छोटे परदे ने उन्हें बाहर निकलने ही नहीं दिया।
