अब जबकि छह साल बाद बड़े परदे पर तारक उर्फ जूनियर एनटीआर की पहली सोलो फिल्म ‘देवरा पार्ट वन’ का पहला शो होने में कुछ ही घंटे बाकी रह गए हैं, हिंदी फिल्म जगत की निगाहें इसकी हिंदी में पहले दिन की ओपनिंग पर आ टिकी हैं। फिल्म की घरेलू बॉक्स ऑफिस पर तेलुगु में शानदार ओपनिंग होती दिख रही है, लेकिन हिंदी सिनेमा के दिग्गज कलाकार सैफ अली खान और अभिनेत्री जान्हवी कपूर की फिल्म में मौजूदगी का खास फायदा मिलता फिल्म को हिंदी पट्टा में नहीं दिखाई दे रहा है।
Devara Part 1 Advance Booking: ‘देवरा’ को यूपी से ज्यादा ओडिशा में मिल रहा प्यार, दिल्ली में भी हालत खस्ता
शुरुआती जानकारी के अनुसार फिल्म ‘देवरा पार्ट वन’ की करीब 11.35 लाख टिकटें एडवांस बुकिंग में गुरुवार की दोपहर तक बिक चुकी हैं और इन टिकटों की अलग अलग राज्यों में अलग अलग दरों के अनुसार हिसाब जोड़ें तो जूनियर एनटीआर, जान्हवी कपूर और सैफ अली खान की ये फिल्म पहले दिन सिर्फ एडवांस बुकिंग में अब तक करीब 29 करोड़ रुपये कमा चुकी है। फिल्म की वर्ल्डवाइड ओपनिंग 100 करोड़ रुपये और घरेलू बॉक्स ऑफिस पक करीब 80 करोड़ रुपये होने का अनुमान तेलुगु ट्रेड पंडित लगा रहे हैं।
फिल्म ‘देवरा पार्ट वन’ का बीते रविवार को प्रस्तावित कार्यक्रम रद्द होने का असर फिल्म की एडवांस बुकिंग पर पड़ा है और ये भारत में रिलीज से पहले किसी फिल्म की होने वाली एडवांस बुकिंग के मामले में ये फिल्म अभी हिंदी में 10वें नंबर पर मौजूद फिल्म ‘वॉर’ से भी पीछे हैं। ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की जोड़ी वाली फिल्म ‘वॉर’ ने साल 2019 में रिलीज से पहले सिर्फ एडवांस बुकिंग में 29.50 करोड़ रुपये कमाए थे।
एडवांस बुकिंग में सबसे ज्यादा कमाई करने के मामले में हिंदी सिनेमा में 55 करोड़ रुपये की कमाई के साथ शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, नयनतारा और विजय सेतुपति की फिल्म ‘जवान’ नंबर वन पर है। जहां तक फिल्म ‘देवरा पार्ट वन’ की अलग अलग भाषाओं में एडवांस बुकिंग की बात है तो करीब पौने 11 लाख टिकटें बेचकर इसके तेलुगु संस्करण ने सभी भाषाओं पर बढ़त बनाए रखी है। तेलुगु के मुकाबले हिंदी में फिल्म की एडवांस बुकिंग में अभी 50 हजार टिकटें भी नहीं बिकी हैं और ये स्थिति काफी चिंताजनक बताई जा रही है।
हिंदी भाषी राज्यों में फिल्म ‘देवरा पार्ट वन’ की एडवांस बुकिंग इतनी खराब है कि सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग करने वाले राज्यों में दिल्ली आठवें और उत्तर प्रदेश 10वें नंबर पर है। गुरुवार की दोपहर तक फिल्म ‘देवरा पार्ट वन’ की सबसे ज्यादा टिकटें बेचने वाले 10 राज्य और उनमें हुई फिल्म की कमाई इस प्रकार है:
राज्य
एडवांस बुकिंग से कमाई (करोड़ रुपये)
आंध्र प्रदेश
12.52
तेलंगाना
10.41
कर्नाटक
04.06
तमिलनाडु
00.60
ओडिशा
00.29
महाराष्ट्र
00.25
गुजरात
00.14
नई दिल्ली
00.15
पश्चिम बंगाल
00.11
उत्तर प्रदेश
00.10