बॉलीवुड एक्टर सुनील दत्त ने आज ही के दिन यानि 25 मई 2005 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनका जन्म 6 जून 1929 को झेलम में हुआ था जो आज पाकिस्तान में है। सुनील दत्त का असली नाम बलराज दत्त था। मुंबई आने से पहले सुनील दत्त ने काफी समय लखनऊ के अमीनाबाद में गुजारा।
बाद में ग्रेजुएशन के लिए वो मुंबई चले गए। यहां जय हिंद कॉलेज में पढ़ाई के दौरान सुनील कंडक्टर की नौकरी किया करते थे। संजय दत्त और नरगिस की लव स्टोरी के काफी चर्चे रहे। चलिए हम आपको दोनों की लव स्टोरी के बारे में बताते हैं।
सुनील दत्त से शादी से पहले नरगिस और राज कपूर करीब 9 साल तक रिश्ते में रहे। इसके बावजूद नरगिस को लगने लगा था कि अब राज कपूर उनकी तरफ ध्यान नहीं दे रहे। फिल्म 'मदर इंडिया' की शूटिंग के दौरान नरगिस की जिंदगी में सुनील दत्त की एंट्री हुई। दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। 11 मार्च 1958 को नरगिस और सुनील दत्त ने शादी कर ली।
सुनील दत्त को पाकर तो जैसे नरगिस की जिंदगी ही संवर गई लेकिन शायद ही लोग जानते हों कि सुनील दत्त के लिए नरगिस ने एक बार आत्महत्या की कोशिश भी की थी। ये बात तब की है जब सुनील दत्त की एंट्री नरगिस की जिंदगी में हुई ही थी। इसका खुलासा ईश्वर देसाई द्वारा लिखी हुई किताब 'डॉर्लिंगजीः द ट्रू लव स्टोरी ऑफ नरगिस एंड सुनील दत्त' में किया गया है।
दरअसल, नरगिस ने सुनील दत्त को एक लव लेटर लिखा था लेकिन सुनील दत्त ने कोई जवाब नहीं दिया। नरगिस को लगा कि सुनील उन्हें नजरअंदाज कर रहे हैं। राज कपूर और परिवार की वजह से वो पहले से ही टूटी हुई थीं। ऐसे में जब सुनील दत्त का भी ऐसा बर्ताव देखने को मिला तो वो दुखी हो गईं और उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की।