बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन जल्द 'कौन बनेगा करोड़पति' का सीजन 10 लेकर आ रहे हैं। इसकी जानकारी खुद बिग बी ने ट्विटर पर दी। अमिताभ ने शो के इंट्रोडक्शन पार्ट की शूटिंग भी शुरू कर दी है। अमिताभ बच्चन ने अब अपने ब्लॉग के जरिए एक इमोशनल लेख लिखा है।
अमिताभ बच्चन को कई दफा अपने पिता और महान कवि हरिवंश राय बच्चन और उनकी कविताओं के बारे में बात करते हुए देखा जाता है। अब उन्होंने लेख के जरिए अपने पिता को याद किया। अमिताभ ने लेख में बताया कि 'कविता से हम कवि की मानसिकता को समझने की कोशिश करते हैं। उसकी नसें, रगें और सांस तक को महसूस करने की कोशिश करते हैं। ये आसान काम नहीं होता।'
अमिताभ ने ब्लॉग पर आगे लिखा कि 'अपने पिता की गैरमौजूदगी में ये मेरी जिम्मेदारी है कि मैं उनका संरक्षण करूं और उनके साथ पूरा इंसाफ करूं। अगर मैं ऐसा नहीं करता हूं तो मैं एक बेटे के रूप में नाकामयाब साबित होऊंगा जो मैं नहीं चाहता।'
अमिताभ ने लिखा कि 'मैं उनकी नजरों से गिरना नहीं चाहता। मैं कभी भी इसे पूरी तरह से नहीं कर सकता लेकिन मैं इस सिलसिले में अगर मैं एक छोटी सी कोशिश भी करता हूं तो ये बड़ी बात होगी।' अमिताभ ने ये भी कहा कि 'मुझे लोग साल भर में भूल जाएंगे मगर डॉ. हरिवंश राय बच्चन को लोग आने वाले 1000 साल या अनंत काल तक याद रखेंगे।'
फिल्मों की बात करें तो अमिताभ बच्चन की आने वाली फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' है जिसकी शूटिंग उन्होंने पूरी कर ली है। फिल्म में अमिताभ के साथ आमिर खान भी हैं। ये फिल्म इस साल दीवाली पर रिलीज होगी।