राजामौली ने 2015 में 'बाहुबली द बिगनिंग' बनाकर ये दिखाया था कि देश में सिनेमा को एक नया आयाम देने वाला डायरेक्टर आ चुका है। आज रामामौल का जन्मदिन है । इस मौके पर हम आपको उनकी फिल्मों के बारे में बताते हैं । उनकी हर फिल्म ने एक इतिहास रचा है । राजामौली अपनी फिल्मों से ये साबित करते हैं कि वो महज दक्षिण भारतीय सिनेमा के निर्देशक नहीं हैं। वो इंंटरनेशनल लेवल की फिल्मों को टक्कर देते हैं ।
दक्षिण भारतीय सिनेमा में अगर आपकी रुचि हो तो आपको राजामौली की फिल्मों के बारे में पता ही होगा। रायचूर में जन्मे राजामौली ने साल 2001 में पहली फिल्म स्टूडेंट नंबर 1 डायरेक्ट की थी। राजामौली पहली ही फिल्म डायरेक्ट करने के बाद छा गए थे। 'स्टूडेंट नंबर 1' उस साल की सबसे बड़ी हिट थी।
फिल्म में जूनियर एनटीआर और गजाला लीड रोल में थे। इसके बाद राजामौली ने कई अच्छी और हिट फिल्में डायरेक्ट कीं । यहां साल 2009 में आई फिल्म 'मगधीरा' की बात करना जरूरी है । चिरंजीवी के बेटे रामचरन इस फिल्म में हीरो थे। इस फिल्म में भी बाहुबली जैसा ही भारी भरकम सेट और ढेर सारा पैसा खर्च किया गया था।
इस फिल्म के प्रोडक्शन में राजामौली ने अपना सब कुछ लगा दिया था। फिल्म की कहानी केवी विजयेंद्र ने लिखी थी जो कि राजामौली के पिता हैं। फिल्म जब रिलीज हुई तो बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड्स धरे के धरे रह गए। राजामौली ने ज्यादातर तेलुगु फिल्मों का ही निर्देशन किया है।
बाहुबली ही नहीं राजामौली ने एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं। उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का रिकॉर्ड इतना तगड़ा है कि अगर उन्हें सुपरस्टार कहें तो गलत नहीं होगा। राजामौली की अब तक की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म बाहुबली है।