यौन शोषण के मामले में ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ के मधुर मित्तल को राहत, 26 मार्च तक गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक
मधुर मित्तल की वकील सवीना बेदी सच्चर ने कोर्ट में उनकी अग्रिम जमानत के लिए अर्जी लगाई थी। शुक्रवार को अभिनेता की याचिका पर पहली सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि 'घटना और एफआईआर दर्ज कराने के बीच लंबा वक्त है। आरोप लगाया गया है कि 13 फरवरी को मारपीट की गई थी। फिर 23 फरवरी को एफआईआर दर्ज क्यों की गई? ऐसा लग रहा है कि अभिनेता को बदनाम करने की कोशिश की गई है। इसलिए पुलिस 26 मार्च तक मधुर पर एक्शन ना लें।'
मधुर के मुताबिक, लड़की ने उनकी मां के साथ बहस की थी जिसके बाद उसने घर छोड़ दिया और उसके लिए एक घर खोजने के लिए जहां वे दोनों साथ रह सकें। लड़की ने उस अपार्टमेंट के किराए को साझा करने के लिए उस पर दबाव डालना शुरू कर दिया था।
क्या है पूरा मामला
यह घटना 13 फरवरी की बताई जा रही है। मधुर के खिलाफ खार पुलिस स्टेशन में मारपीट कर घायल करने और यौन दुर्व्यवहार के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। बताया गया कि शिकायतकर्ता मधुर से साल 2020 में दिसंबर माह में मिली थीं। इसके कुछ ही दिनों बाद मधुर ने शराब के नशे में उन्हें मारा और उनका यौन शोषण किया।
पीड़िता के वकील ने क्या कहा
पीड़िता के वकील ने बताया कि उनकी क्लायंट ने घटना से दो दिन पहले 11 फरवरी को मधुर से सारे संपर्क खत्म कर दिए थे। मधुर बहुत गुस्से में था और बिना किसी बातचीत के उनके कमरे में घुस गया। इसके अलावा शिकायत में कहा गया है कि मधुर ने पीड़िता की गर्दन पकड़कर कई बार उन्हें थप्पड़ लगाए, बाल-कान खींचे और आंख के नीचे पंच कर दिया। शिकायत में इसे यौन हमला कहा गया है। वकील ने कहा कि पीड़िता के चेहरे, गर्दन, छाती, पसलियों, हाथों, पीठ, कान और आंखों में चोट आई है।