मशहूर कोरियोग्राफर और निर्देशक रेमो डिसूजा की फिल्म एबीसीडी 3 के चलते निर्देशक अमोल गुप्ते की सायना नेहवाल की बायोपिक अनिश्चितकाल के लिए लटक गई है। सायना की बायोपिक में लीड रोल कर रहीं श्रद्धा कपूर ने इस फिल्म की सारी डेट्स एबीसीडी 3 को दे दी हैं। और एबीसीडी फ्रेचाइजी की इस फिल्म में श्रद्धा की एंट्री वरुण धवन के कहने पर हुई है।
2 of 5
varun dhawan katrina kaif
बीते साल सुई धागा और अक्टूबर जैसी फिल्मों से अपनी अदाकारी का लोहा मनवाने वाले अभिनेता वरुण धवन कमाई के मामले में बाकी फिल्मी सितारों से पिछड़े चुके हैं। दो साल पहले तक हिंदी सिनेमा के टॉप 5 सितारों में गिने जा रहे वरुण धवन की जगह विकी कौशल भर चुके हैं और अब वरुण धवन के सामने अपनी खोई जगह पाने के लिए फुल एंटरटेनर फिल्म करने के सिवाय दूसरा कोई चारा नहीं बचा है।
फिल्म एबीसीडी 3 की तैयारी के लिए वरुण धवन दिन रात मेहनत कर रहे हैं। जिम जाने से लेकर डांसिंग फ्लोर पर फ्लिप करने की प्रैक्टिस भी वह लगातार कर रहे हैं। वरुण धवन के साथ इस फिल्म में पहले कैटरीना कैफ को लिया गया था लेकिन अपने किरदार को लेकर कैटरीना खुश नहीं थी तो रेमो डिसूजा ने उनका रोल बढ़ा दिया।
इसके बाद वरुण को फिल्म की स्क्रिप्ट अपने किरदार के हिसाब से कमजोर लगने लगी। इसके बाद फिल्म के प्रोड्यूसर्स ने इसमें हस्तक्षेप किया और ये तय किया कि कैटरीना का इस फिल्म में काम न करना ही बेहतर होगा। हालांकि कैटरीना ने यही जाहिर किया कि ये फिल्म वह भारत की बची हुई शूटिंग के लिए छोड़ रही है जबकि फिल्म से जुड़े सूत्र बताते हैं कि कैटरीना का फिल्म भारत का ज्यादातर काम पूरा हो चुका है।
एबीसीडी 3 से कैटरीना के बाहर होने के बाद वरुण धवन ने ही श्रद्धा कपूर से इस बारे में बात की। दोनों की जोड़ी एबीसीडी 2 में भी काम कर चुकी है। श्रद्धा कपूर भी सायना नेहवाल की बायोपिक को लेकर इसके निर्देशक अमोल गुप्ते से खुश नहीं रही हैं। दोनों फिल्मों की प्रोड्यूसर कंपनी टी सीरीज ही है और इसी के चलते श्रद्धा की सारी डेट्स अब एबीसीडी 3 में एडजस्ट हो चुकी हैं। फिल्म की शूटिंग इसी महीने पंजाब में शुरू हो रही है।