शाहरुख खान रोमांस के बादशाह हैं और उन्होंने पर्दे पर कई हीरोइनों के साथ जमकर रोमांस किया है। हालांकि उन्होंने सिर्फ हीरो वाले किरदार ही नहीं बल्कि खलनायक और ग्रे शेड वाले किरदार भी जबरदस्त निभाए हैं। उनकी और माधुरी दीक्षित की जोड़ी भी पर्दे पर कई बार जमी थी। हालांकि एक फिल्म ऐसी भी थी जिसमें माधुरी शाहरुख की हीरोइन नहीं बनी थी बल्कि उनसे बदला लिया था। ये फिल्म थी 90 के दशक की सुपरहिट फिल्म 'अंजाम' जिसके रिलीज को 27 साल पूरे हो गए।
27 years of Anjaam: माधुरी दीक्षित ने शाहरुख संग साझा की तस्वीर, 'चने के खेत' गाने से मचाया था हंगामा
अपने शूटिंग के दिनों को याद करते हुए माधुरी दीक्षित ने ट्वीट किया है। माधुरी ने शाहरुख और दीपक तिजोरी के साथ अपनी तस्वीर साझा की। इस तस्वीर के कैप्शन में उन्होंने लिखा, '#27 years of Anjaam। शाहरुख खान और दीपक तिजोरी के साथ मेरी सबसे यादगार फिल्मों में से एक जिसमें भावनाएं, ड्रामा और मनोरंजन था'।
#27YearsOfAnjaam
One of my memorable films with @iamsrk & #DeepakTijori filled with lots of emotions, drama, and entertainment 🎞️🙏 pic.twitter.com/YoXmNQACir
गौरतलब है कि इस फिल्म में दीपक तिजोरी ने माधुरी दीक्षित के पति का किरदार निभाया था। वहीं शाहरुख ने एक ऐसे पागल प्रेमी का किरदार निभाया था जो माधुरी को पाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। फिल्म में हिमानी शिवपुरी ने भी अहम भूमिका निभाई थी। ये फिल्म 22 अप्रैल 1994 में रिलीज हुई थी।
इस फिल्म के गाने भी दर्शकों को खूब पसंद आए थे। खासकर 'चने के खेत' वाले गाने को दर्शकों का खूब प्यार मिला था। ये गाना आज भी बहुत मशहूर है और लोग इसे काफी पसंद करते हैं। इस फिल्म का निर्देशन राहुल रवैल ने किया था।
इस फिल्म की सबसे खास बात ये थी कि इसमें शाहरुख और माधुरी की जोड़ी प्रेमी प्रेमिका की नहीं थी। इस फिल्म में दिखाया गया था कि कैसे माधुरी अपने साथ हुए अन्याय का बदला शाहरुख खान से लेती हैं। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट साबित हुई थी। इस फिल्म के अलावा दोनो ने 'कोयला', 'दिल तो पागल है','हम तुम्हारे हैं सनम' और 'देवदास' में साथ काम किया था।