संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावतत में रानी पद्मावती का किरदार निभाने वाली दीपिका पादुकोण ने दर्शकों के साथ-साथ क्रिटिक्स का दिल भी जीत लिया। भंसाली तो इतने प्रभावित हैं कि जब मौका मिलता है तब दीपिका की तारीफ कर डालते हैं। हाल ही में उन्होंने इंडस्ट्री की 3 दिग्गज अभिनेत्रियों से दीपिका की तुलना की।
निर्देशक संजय लीला भंसाली को अभिनेत्री दीपिका पादुकोण में तीन दिग्गज अभिनेत्रियों की झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा, 'जब मैं उन्हें एक एंगल से देखता हूं तो वे मुझे 'वैजयंतीमाला' दिखाई देती हैं तो दूसरे एंगल से कोबग बार वे मुझे 'हेमा मालिनी' की याद दिलाती हैं। दीपिका ने जिस सौम्यता से घूमर डांस किया, वह देखकर मुझे वहीदा जी की याद आ गई।
भंसाली ने कहा, 'मुझे विश्वास है कि दीपिका में हमारी इन तीन दिग्गज अभिनेत्रियों के समक्ष खड़े होने की क्षमता है।' इससे पहले भंसाली ने कहा था कि वे फिल्म में दीपिका के अभिनय से खासे प्रभावित हुए हैं और इसके लिए उन्होंने दीपिका को 500 रुपये का नोट भी दिया था।
भंसाली ने कहा, 'दीपिका बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक हैं। दीपिका ने फिल्म में जौहर करने से पहले महिलाओं को जिस तरह से संबोधित किया, वह मुझे बहुत पसंद आया। मैं यह देखकर अभिभूत हो गया कि उन्होंने कैसे इस दृश्य को अच्छे से संभाला। इसके लिए मैंने उन्हें 500 रुपये का नोट दिया था। मुझे यकीन है कि सराहना भरा यह नोट उनके लिए करोड़ों रुपये की फीस से अधिक मूल्यवान है।'