एक्टर संजय दत्त की हर मुश्किल घड़ी के वक्त उनकी बहन प्रिया दत्त हमेशा साथ खड़ी रही हैं हालांकि कई बार संजय दत्त की वजह से उन्हें शर्मिंदगी का भी सामना करना पड़ा। एक वक्त ऐसा था जब संजय दत्त अपने नशे की लत की वजह से बदनाम थे जिसकी वजह से कई बार कॉलेज में प्रिया दत्त को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता था और उन्हें चरसी की बहन कहकर शर्मिंदा करते थे। ये बात उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में कही थी। प्रिया दत्त का जन्मदिन 28 अगस्त 1966 को मुंबई में हुआ था। ऐसे में जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़ा ऐसा ही एक किस्सा...
80 के दशक में जब संजय दत्त कॉलेज गोइंग स्टूडेंट थे उस वक्त मुंबई में ड्रग्स बहुत ट्रेंडी चीज थी। ऐसे में भला वो इस ट्रेंड को फॉलो करने में पीछे कैसे रहते। संजय दत्त को पढ़ाई में कोई खास दिलचस्पी नहीं थी लेकिन पापा सुनील दत्त के कहने पर उन्होंने कॉलेज जाना शुरू कर दिया था। कॉलेज में ही संजय गलत संगत में पड़ गए और उन्हें चरस, गांजा और ड्रग्स की लत लग गई थी।
नरगिस को पता चलने के बावजूद उन्होंने ये बात सुनील दत्त को बताई नहीं और अपने हिसाब से ही उन्होंने केवल बेटे को समझाना शुरू किया। नरगिस को लगा कि वो समझा-बुझाकर बेटे को सही रास्ते पर ले आएंगी लेकिन एक बार जो ड्रग्स की लत लग जाए उसे छोड़ना कहां आसान होता है।
मुंबई में उस समय कोई रिहैबिलिटेशन सेंटर नहीं था। संजय दत्त ने खुद बताया था कि मुंबई में इलाज नहीं होने के बाद वो अमेरिका के रिहैबिलिटेशन गए तो डॉक्टरों ने उन्हें उस समय ड्रग्स की एक लंबी लिस्ट दी। जिस पर संजय दत्त को निशान लगाना था कि उन्होंने इनमें से कौन-कौन सी ड्रग्स उन्होंने ली है। संजय दत्त ने जब वो लिस्ट देखी तो मन ही मन सोचा कि उन्हें तो इस पूरी लिस्ट पर ही निशान लगाना पड़ेगा यानी उस वक्त जितने भी ड्रग्स थे संजय दत्त ने सभी ले रखे थे।
बेटे की नशे की लत छुड़ाने के लिए सुनील दत्त ने संजय दत्त को फोन करके ऑफिस बुलाया जिससे उनकी पहली डेब्यू फिल्म 'रॉकी' के शूटिंग शेड्यूल पर बात की जा सके। इधर संजय दत्त की डेब्यू फिल्म के रिलीज की तैयारी हो रही थी, दूसरी ओर संजय की लत बढ़ती ही चली गई। वहीं उनकी मां नरगिस की हालत बहुत खराब थी उन्हें कैसर था।