मीठे में क्या है ट्रेलर: फैमिली ड्रामा, तकरार और इमोशंस से भरी फिल्म करेगी धमाका, जानिए कब होगी रिलीज?
Meethe Mein Kya Hai trailer: दिवाली से पहले फैमिली ड्रामा से भरपूर फिल्म 'मीठे में क्या है' ओटीटी पर धमाका करेगी। आज बुधवार को इसका ट्रेलर जारी हुआ है।
विस्तार
दिवाली के त्योहार से पहले सिनेमाघरों से लेकर ओटीटी तक, कई दिलचस्प फिल्में रिलीज होने जा रही हैं। इस कड़ी में एक नाम 'मीठे में क्या है' का भी है। इसका ट्रेलर जारी हो गया है। यह पारिवारिक ड्रामे से भरपूर फिल्म है। संयुक्त परिवार की कहानी पर आधारित इस फिल्म में दर्शकों को ड्रामा भी देखने को मिलेगा और इमोशंस भी कूट-कूट कर भरे हैं।
ट्रेलर में दिखा पीढ़ियों के बीच सोच का अंतर
फिल्म 'मीठे में क्या है' नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इसका ट्रेलर सामने आया है, जो काफी दिलचस्प है। यह लखनऊ के एक परिवार की कहानी पर आधारित है, जिसमें कई पीढ़िया हैं। हर पीढ़ी के बीच विचारों का अंतर है। नई पीढ़ी के अपने फैसले हैं, तो पुरानी पीढ़ी का विरोध और दखल भी साथ-साथ है। कुछ ऐसी ही झलक ट्रेलर में देखने को मिली है।
दिवाली के त्योहार पर फैमिली ड्रामा
ट्रेलर में दिखाया गया है कि पूरा परिवार दिवाली का त्योहार मनाने के लिए साथ आया है। मगर, इस मौके पर एक सरप्राइज मिल जाता है। होता यह है कि परिवार की बड़ी बेटी अचानक अपनी शादी की खबर देती है और अपने जीवनासाथी के साथ त्योहार का जश्न मनाने आई है। यह पता चलते ही परिवार वाले हैरान हो जाते हैं। इसके बाद परिवार के एक बेटे की दूसरी शादी कराने के लिए उसकी मां जतन करती नजर आ रही है। बेटा राजी नहीं है। नई पीढ़ी के बच्चों को इस बात से दिक्कत है कि परिवार के लोग बहुत ज्यादा पर्सनल लाइफ में घुस रहे हैं। बड़े लोगों को पेरशानी है कि बच्चों की सोच बदल रही है।
कब रिलीज होगी फिल्म?
पीढ़ियों के अंतर और वैचारिक मतभेद के बीच जो सबसे अच्छी बात है, वह है एक-दूसरे के साथ बने रहना। यहां इमोशंस और प्यार की परतें भी खुलती हैं। विरोध के साथ ही बच्चों के विचारों और लाइफस्टाइल में आए बदलावों को स्वीकार किया गया है। तमाम शिकायतों के बीच भी परिवार के आपसी सदस्यों की खुशी एक-दूसरे से जुड़ी है। यह फिल्म 30 अक्तूबर से ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। बाते करें इस फिल्म की कास्ट की तो राधिका बंसल निर्देशित फिल्म में ऋत्विक भौमिक, रोहिणी हट्टंगड़ी और आयशा रजा मिश्रा जैसे सितारे हैं।