चीनी सैनिकों के साथ हुई हिंसक झड़प में 20 भारतीय जवान शहीद हो गए। जवानों की शहादत पर बॉलीवुड के कई सितारों ने अपनी श्रद्धांजलि दी। इसी कड़ी में अब सलमान खान और अजय देवगन सहित कई अन्य का नाम जुड़ गया है। सभी ने एक सुर में कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
सलमान खान ने सेना के जवानों को लेकर ट्वीट किया, 'मेरा दिल उन बहादुर जवानों के लिए भारी है जिन्होंने गलवां घाटी में अपनी जान दी। यह बलिदान बेकार नहीं जाएगा। उनके परिवारों के दुख में मैं भी शरीक हूं। जय हिंद। हम भारतीय सेना के साथ हैं।'
अजय देवगन ने अपने ट्वीट में लिखा, 'हर उस जवान को सलाम जिन्होंने भारत की सीमाओं और सम्मान की रक्षा करते हुए अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया। जय जवान, जय भारत। वीर जवान।'
अभिनेता ऋतिक रोशन लिखते हैं कि 'लद्दाख में जो जिंदगियां गईं उससे बहुत दुख हुआ। हमारी सेना मजबूती के साथ खड़ी है। शहीदों को मेरी श्रद्धांजलि और परिवार के प्रति संवेदनाएं।'