अभिनेता सलमान खान को हाल ही में जान से मारने की धमकी मिली। उनके पिता सलीम खान को एक चिट्ठी मिली, जिसमें लिखा था ' सिद्धू मूसेवाला जैसा हाल किया जाएगा'। इसके बाद से बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा चर्चा में आ गई है। हर कोई जानना चाहता है कि स्टारडम के बीच सिने सितारे किस तरह अपनी सुरक्षा का इंतजाम करते हैं। घर से निकलने के बाद उन्हें कई मौकों पर अपने प्रशंसकों से मिलना पड़ जाता है तो कई बार सार्वजनिक जगहों पर शूटिंग करनी पड़ती है। मगर इस बीच कोई होता है, जो उनकी सुरक्षा का बंदोबस्त कर रहा होता है। आखिर कौन? जवाब है- इनके बॉडीगार्ड्स। जी हां, सलमान से लेकर अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, अक्षय कुमार तक तमाम सितारे अपनी सुरक्षा पर मोटी रकम उड़ाते हैं। कुछ सितारों के बॉडीगार्ड तो उनकी बराबर ही मशहूर हैं। आइए जानते हैं उनकी आमदनी के बारे में...
Actors Bodyguard: दो से तीन करोड़ तक सैलरी, जानें सल्लू का बॉडीगार्ड ज्यादा महंगा या SRK का
सलमान के बॉडीगार्ड शेरा
स्टार्स के बॉडीगार्ड का जिक्र हो तो सलमान खान के पर्सनल बॉडीगार्ड शेरा का नाम सबसे पहले आता है। कुछ बॉडीगार्ड एक्टर्स को उनके फैंस और परिवार से बेहतर तरीके से जानते हैं। शेरा उन्हीं में से एक हैं। वह छाया की तरह हर वक्त सलमान के साथ नजर आते हैं। बॉडीगार्ड्स की दुनिया में शेरा भी सेलिब्रिटी से कम नहीं हैं। वह करीब 28 वर्षों से सलमान के साथ हैं। शेरा पहले मि. मुंबई जूनियर थे। वह वर्ष 1998 के मि. महाराष्ट्र जूनियर प्रतियोगिता के फाइनलिस्ट में से एक रहे हैं। सलमान का फुलटाइम बॉडीगार्ड बनने से पहले शेरा माइकल जैक्सन, विल स्मिथ, पेरिस हिल्टन और जैकी चैन समेत कई इंटरनेशनल सेलेब्स के बॉडीगार्ड रह चुके हैं। इस बात में आपकी दिलचस्पी भी जरूर होगी कि शेरा की सैलरी क्या है? रिपोर्ट्स के मुताबिक शेरा एक महीने का वेतन करीब 15 लाख रुपये लेते हैं। उनका वार्षिक वेतन करीब दो करोड़ रुपये है।
किंग खान के बॉडी गार्ड रवि सिंह
शाहरुख खान के पर्सनल बॉडीगार्ड हैं रवि सिंह। वह फिल्म प्रमोशन से लेकर, जन्मदिन और पब्लिक अपीयरेंस तक किंग खान की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। हाल ही में शाहरुख के बेटे आर्यन खान के मुंबई क्रूज ड्रग्स केस मामले के दौरान भी रवि सिंह काफी लाइमलाइट में रहे थे। शाहरुख की सुरक्षा करना आसान काम तो नहीं है। इसलिए, इसके लिए रवि तगड़ी फीस लेते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक शाहरुख के बॉडीगार्ड रवि सिंह सालाना 2.7 करोड़ रुपये कमाते हैं। वह सबसे महंगे बॉडीगार्ड की लिस्ट में शुमार हैं। रवि सिर्फ शाहरुख की सुरक्षा नहीं करते हैं, बल्कि वह उनके बच्चों आर्यन, सुहाना और अबराम की सुरक्षा में भी चाकचौबंद रहते हैं। ड्रग मामले में जब आर्यन खान को जेल से रिहा किया गया था तो रवि सिंह ने ही उन्हें कार में सुरक्षित बिठाकर मन्नत तक पहुंचाया था। रवि करीब 13 वर्षों से किंग खान की सुरक्षा में तैनात हैं।
बिग बी के बॉडीगार्ड जितेंद्र शिंदे
बॉलीवुड के बादशाह अमिताभ बच्चन के पर्सनल बॉडीगार्ड का नाम जितेंद्र शिंदे है। कई बार तस्वीरों में वह अमिताभ बच्चन के साथ नजर आते हैं। अपने दौर के सबसे ज्यादा चहेते और नामी अभिनेता की सुरक्षा करना वाकई आसान काम नहीं होगा। हालांकि, इसके लिए उन्हें मोटी रकम दी जाती है। अगर जितेंद्र शिंदे की कमाई की बात करें तो 2021 की एक रिपोर्ट के मुताबिक वह सालाना डेढ़ करोड़ रुपये कमाते हैं। बिग बी की सुरक्षा में तैनात रहने के अलावा जितेंद्र अपनी खुद की एक सिक्योरिटी एजेंसी भी चलाते हैं। मगर बिग बी के बाहरी दौरों पर अक्सर वह खुद ही साथ जाते हैं।
आमिर के बॉडीगार्ड युवराज घोरपड़े
आमिर खान के पर्सनल बॉडीगार्ड युवराज घोरपड़े हैं। वह हमेशा परछाई की तरह मिस्टर परफेक्शनिस्ट के साथ रहते हैं। युवराज के वेतन की बात करें तो पिछले साल की एक रिपोर्ट के मुताबिक युवराज घोरपड़े का सालाना वेतन करीब 2 करोड़ रुपये है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक युवराज घोरपड़े ने 16 साल की उम्र में स्कूल छोड़ दिया था और एक सुरक्षा एजेंसी में शामिल हो गए थे। बाद में वह आमिर खान के पर्सनल बॉडीगार्ड बने।