टीवी और फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री साक्षी तंवर का अभिनय करियर दो दशक से ज्यादा समय से दमदार तरीके से चला आ रहा है। दूसरी अभिनेत्रियां इतने समय में या तो रिटायर हो जाती हैं या फिर हाशिये पर चली जाती हैं। लेकिन, साक्षी के मामले में ऐसा नहीं है। उन्होंने अब तक अपने काम को बहुत तसल्ली से किया है। टीवी हो, फिल्म हो या ओटीटी हो, साक्षी इंतजार में रहती हैं किसी अच्छे किरदार के लिए और यही चीज अब तक उनकी खासियत बनी हुई है। आने वाले समय में साक्षी यशराज फिल्म्स की पेशकश 'पृथ्वीराज' और मनोज बाजपेयी की 'डायल 100' में नजर आएंगी। चलिए उससे पहले जान लेते हैं कि साक्षी ने अपने करियर में अब तक कौन से दमदार किरदारों को जीया।
Happy Birthday Sakshi Tanwar: दमदार कहानियों की ‘साक्षी’, इन खास किरदारों में दिखी कहानी घर घर की
कहानी घर घर की (2000)
साक्षी ने टीवी पर अपने करियर की शुरुआत दूरदर्शन के एक धारावाहिक 'अलबेला सुर मेला' की। उनके काम को देखते हुए बहुत ही जल्द एकता कपूर ने उन्हें अपने चर्चित धारावाहिक 'कहानी घर घर की' का हिस्सा बनाया। यहां साक्षी को मुख्य भूमिका निभाने का मौका मिला। यह कहानी संयुक्त परिवार में साथ रहने वाले लोगों के संघर्ष की है। कहानी लगभग तीन पीढ़ियों तक चलती रही जिसमें साक्षी के किरदार पार्वती को एक पत्नी, बहू, मां और दादी जैसे पड़ावों से गुजरना पड़ा। आगे चलकर साक्षी की पहचान भी असल में एक संस्कारी बहू की बन गई।
देवी (2002)
एक तरफ तो साक्षी 'कहानी घर घर की' में काम कर रही थी। वहीं, दूसरी तरफ हिंदी फिल्मों के मेगास्टार अभिनेता अजय देवगन के निर्माण में बने धारावाहिक 'देवी' में साक्षी को गायत्री विक्रम शर्मा का मुख्य किरदार निभाने का मौका मिला। साक्षी के साथ इस धारावाहिक में जूही परमार, मोहनीश बहल, मनीष गोयल, मधु, राजेश खेरा जैसे टीवी के मशहूर कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में रहे। साक्षी यहां भी एक पत्नी के किरदार में ही नजर आईं। गायत्री एक अनाथ है जिसको माता दुर्गा में बहुत विश्वास है। वह एक बिगड़ैल आदमी विक्रम से शादी कर लेती है। हालांकि, विक्रम गायत्री को अपनी पत्नी नहीं मानता और हर तरह से उससे छुटकारा पाने की कोशिश करता रहता है।
बड़े अच्छे लगते हैं (2011)
साक्षी तंवर का पहला बड़ा धारावाहिक 'कहानी घर घर की' लगभग आठ साल तक चला। इसके बाद साक्षी 'कहानी हमारे महाभारत की', 'कौन बनेगा करोड़पति', 'बालिका वधू' और 'क्राइम पेट्रोल 2' जैसे टीवी शोज का हिस्सा रहीं। फिर उन्हें वर्ष 2011 में मिला एकता कपूर का ही दूसरा बड़ा शो 'बड़े अच्छे लगते हैं'। इस धारावाहिक में साक्षी ने प्रिया कपूर का किरदार निभाया वहीं अभिनेता राम कपूर इस धारावाहिक में राम कपूर के किरदार में ही नजर आए। राम और प्रिया पति पत्नी हैं। राम एक बड़ा बिजनेसमैन है जो प्रिया से जबरदस्ती शादी कर लेता है। हालांकि बाद में दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगते हैं लेकिन फिर भी साथ रहने में इन दोनों को बहुत ही परेशानियां आती हैं।
एक थी नायिका (2013)
एकता कपूर ने टीवी पर वर्ष 2013 में एक 16 एपिसोड की टीवी सीरीज शुरू की जिसके हर एक एपिसोड में अलग-अलग कहानी होती। हर एक एपिसोड में अलग हीरोइन होती जो भूतों, चुड़ैलों और दानवों का सामना करती। इनमें से एक एपिसोड का हिस्सा साक्षी तंवर भी रहीं। उन्होंने एपिसोड 13 और 14 में एक फिल्म निर्माता पूजा का किरदार निभाया। इस धारावाहिक के अलग-अलग एपिसोड में हुमा कुरैशी, सचिन श्रॉफ, अंकिता लोखंडे, मौली गांगुली, सुधा चंद्रन, स्मृति ईरानी, सुमोना चक्रवर्ती, अमर उपाध्याय, जया भट्टाचार्य, राज सिंह अरोरा, श्वेता तिवारी, जन्नत जुबेर रहमानी, आमना शरीफ, पूजा गौर जैसे तमाम कलाकार मुख्य भूमिकाओं में रहे।