इस वक्त देश भर में कोरोना ने तांडव मचा रखा है और लोग अस्पताल से लेकर रोजगार तक तरह-तरह की परेशानियों से हलकान हैं। प्रशासनिक रोकथाम और सरकारी कोशिशों के बावजूद कोरोना पर नियंत्रण लगाना मुश्किल होता जा रहा है। अब ऐसे में हर व्यक्ति अपने स्तर से एक-दूसरे की मदद करने का प्रयास कर रहा है। वहीं बॉलीवुड सेलेब्स भी अपने-अपने तरीके से सहायता के लिए आगे आ रहे हैं। इस कड़ी में अभिनेत्री रवीना टंडन का नाम भी जुड़ गया है।
रवीना टंडन: जरूरतमंदों को ऑक्सीजन मुहैया करवाकर अस्पतालों पर भड़कीं अभिनेत्री, बोलीं- लोगों को लूटा जा रहा
जानकारी के मुताबिक कोरोना की इस संकट घड़ी में अभिनेत्री रवीना टंडन भी लोगों की मदद में जुट गई हैं। उन्होंने ऑक्सीजन से लेकर मेडिकल किट उपलब्ध कराने का बीड़ा उठाया है। रवीना लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध करा रही हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर काफी लोगों के मैसेज आ रहे हैं। संदेश के माध्यम से वो जरूरतमंदों की लगातार मदद करने में लगी हैं। इसके लिए रवीना ने एक टीम भी बनाई है, जो हर मैसेज पर नजर बनाए रखती है।
वहीं, अभिनेत्री ने अपने इंस्टा अकाउंट पर एक पोस्ट साझा कर लोगों को भी एक-दूसरे की मदद करने के लिए प्रोत्साहित किया है। उन्होंने लिखा 'चलो सब सहायता करें, हम अपने देश के घाव को भरना चाहते हैं। जरूरत पड़ने पर मैसेज यहां भेजें। कृपया सत्यापित लोगों की सहायता करें। आप और मैं मिलकर किसी की जान बचा सकते हैं। धन्यवाद।'
साथ ही रवीना ने ताजा हालात पर बोलते हुए कहा कि 'अभी देश में जो हो रहा है उस पर यकीन करना बेहत मुश्किल है। ये कठिन समय है। लोगों को अस्पताल में लूटा जा रहा है। उन्हें सामान के लिए अधिक पैसे देने पड़ रहे हैं। इसलिए हम ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था कर रहे हैं जो सीधे उन लोगों को भेजे जा सकते हैं जो इसका खर्च वहन नहीं कर सकते। हम इसे सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन और एनजीओ के संपर्क में हैं। दिल्ली जाने के लिए पहली बार में हमारे 300 ऑक्सीजन सिलेंडर हैं।'
बता दें कि हाल ही में रवीना टंडन ने ऑक्सीजन सिलेंडरों से भरे ट्रक की व्यवस्था की थी। वहीं, रवीना के अलावा और भी कई सेलेब्स लोगों की मदद करने में जुटे हैं। इनमें सलमान खान, सोनू सूद, शिल्पा शेट्टी, अक्षय कुमार जैसे स्टार्स शामिल हैं।