2016 में भारतीय सेना ने एलओसी पार करके सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकियों के ठिकानों पर हमला किया था। सेना की इस कार्रवाई पर अब फिल्म बनने जा रही है। 'उड़ी' नाम से बन रही इस फिल्म का निर्देशन आदित्य धर कर रहे हैं। जबकि इसे रोनी स्क्रूवाला के बैनर तले बनाया जा रहा है।
मेघना गुलजार की 'राजी' में विक्की कौशल सैन्य अधिकारी की भूमिका में लोगों पर अपना प्रभाव छोड़ने में कामयाब रहे हैं। अब एक बार फिर से वो इस फिल्म में सैन्य अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे लेकिन इस बार वो भारतीय सैन्य अधिकारी का किरदार निभाएंगे। जबकि 'राजी' में वो पाकिस्तानी अधिकारी बने हैं।
विक्की कौशल उड़ी में हुए सर्जिकल स्ट्राइक पर बेस्ड फिल्म में कमांडर इन चीफ का रोल अदा करेंगे। विक्की इन दिनों इस रोल के लिए प्रैक्टिस कर रहे हैं। इस फिल्म के बारे में बात करते हुए विक्की कौशल ने कहा- 'मैं हर दिन तकरीबन 5 घंटे की ट्रेनिंग ले रहा हूं। इसके बाद स्टेमिना मजबूत करने के लिए हर रोज 3 से 4 घंटे की मिलिट्री ट्रेनिंग और गन ट्रेनिंग भी ले रहा हूं।'
विक्की ने आगे कहा- 'मैं जिम जाता हूं और मुंबई के नेवल बेस पर ट्रेनिंग ले रहा हूं। आर्मी के लोग इस किरदार के लिए मेरी मदद कर रहे हैं। इस किरदार के लिए मैंने थोड़ा वजन भी बढ़ा लिया है। मैं शूटिंग का इंतजार कर रहा हूं।'
बता दें कि जल्द 'उड़ी' की शूटिंग शुरू हो जाएगी। विक्की कौशल ने यह भी बताया कि दो महीनों तक फिल्म की शूटिंग सर्बिया में होनी है। हाल ही में ‘संजू’ का टीजर भी रिलीज हुआ है, जिसमें विक्की कौशल रणबीर कपूर के आॅन स्क्रीन दोस्त का किरदार निभा रहे हैं।