पूजा हेगड़े के सितारे इन दिनों बुलंद हैं। पहली ही फिल्म 'मोहन जोदाड़ो' बॉक्स ऑफिस पर पिट गई थी। मगर डेढ़ साल के अंदर ही इस एक्ट्रेस की झोली बड़े बजट की फिल्मों से भर गई है। प्रभास, महेश बाबू और जूनियर एनटीआर जैसे सुपरस्टार्स की फिल्मों के अलावा अब उन्हें एक मल्टी स्टारर फिल्म का ऑफर भी मिला है। यह उनकी दूसरी बॉलीवुड फिल्म होगी।
पूजा हेगड़े को साजिद नाडियाडवाला ने फिल्म 'हाउसफुल-4' के लिए साइन किया है। हालांकि, इस बात की घोषणा नहीं की गई है कि फिल्म में वह अक्षय कुमार, रितेश देशमुख या बॉबी देओल में से किसके साथ रोमांस करती दिखेंगी। 'हाउसफुल-4' के अलावा पूजा हेगड़े को 'बाहुबली' फेम प्रभास के साथ एक त्रिभाषी फिल्म के लिए साइन किया गया है। फिल्म का निर्देशन राधा कृष्ण कुमार कर रहे हैं। फिलहाल इसका नाम तय नहीं किया गया है। इसके अलावा पूजा बड़े पर्दे पर जल्द महेश बाबू और जूनियर एनटीआर संग भी रोमांस करती दिखेंगी।
पूजा हेगड़े के अलावा एक्ट्रेस कृति सैनन भी फिल्म 'हाउसफुल-4' का हिस्सा होंगी। इसी के साथ 'हाउसफुल' सीरीज के फैन्स की जिज्ञासा इस बात को लेकर दोगुनी हो गई है कि फिल्म में तीसरी हीरोईन कौन होगी। बता दें कि इस मशहूर फ्रैंचाइज में बॉबी देओल की भी एंट्री हो चुकी है। अक्षय कुमार और रितेश देशमुख को मिलाकर अब तक कुल पांच एक्टर्स के नाम फाइनल हो चुके हैं। जल्द फिल्म की कास्टिंग पूरी कर ली जाएगी।
'हाउसफुल-4' संभवत: बॉलीवुड की पहली ऐसी फिल्म होगी जिसे 3D फॉर्मैट में बनाया जाएगा। इसमें वीएफएक्स का इस्तेमाल होगा। यही वजह है कि इसका बजट करीब 75 करोड़ रुपये तय किया गया है। साजिद नाडियाडवाला की फिल्म 'हाउसफुल-4' का निर्देशन साजिद खान करेंगे।
'हाउसफुल-4' की कहानी पुनर्जन्म पर आधारित होगी। साजिद ने कहा, 'कई ऐसी गंभीर और रोमांटिक फिल्में बनी हैं जो पुनर्जन्म के कॉन्सेप्ट पर आधारित रही हैं जैसे मधुमति, कर्ज, बाहुबली, आदि, तो कोई कॉमेडी फिल्म क्यों नहीं?' खबर है कि फिल्म 'हाउसफुल-4' में सीरीज की पहली तीन फिल्मों के सभी लीड एक्टर्स भी नजर आएंगे।