संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत का रिलीज से पहले देश भर में जमकर विरोध हो रहा है। फिल्म 25 जनवरी को रिलीज होने वाली है। इस बीच फिल्म को लेकर एक्टर नाना पाटेकर ने अपनी राय दी है।नाना पाटेकर ने पद्मावत विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा ‘कोई भी चीज मुश्किल नहीं है। फिल्मों पर बवाल होना आम बात है। जब मूवी को सेंसर से ग्रीन सिग्नल मिल गया तो वो रिलीज होगी। हालांकि सही विषय पर फिल्म बनाएं। आप सही फिल्म बनाएंगे तो लोग रिएक्ट नहीं करेंगे। आप गलत फिल्म बनाएंगे तो लोग रिएक्ट जरूर करेंगे।’
नाना पाटेकर ने आगे कहा ‘मेरी फिल्म में कभी कोई कांट्रोवर्सी नहीं हुई, मैंने क्रांतिवीर जैसी फिल्में बनाई, बोल्ड स्टेटमेंट होने के बावजूद उन पर कभी कोई बवाल नहीं हुआ। जरूरी है इस बात को याद रखना कि आप फिल्म क्या सोचकर बना रहे हैं। नाना पाटेकर का ये वीडियो इन दिनों इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। नाना पाटेकर ने ये जवाब अपनी मराठी फिल्म आपला मानुष की स्क्रीनिंग के दौरान दिया।
आपला मानुष इसी साल 9 फरवरी को रिलीज होगी। सतीश रजवाड़े के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में बॉलीवुड के अन्य कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म में अभिनेता नाना पाटेकर, सुमीत राघवन और इरावती हरषे भी होंगे।
बात करें पद्मावत विवाद की तो सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद भी ये विवाद थमता नहीं दिख रहा है। फिल्म 25 जनवरी को रिलीज हो रही है। इस फिल्म में दीपिका पादुकोण महारानी पद्मिनी का किरदार निभा रही हैं। तो वहीं शाहिद कपूर राजा रतन सिंह के किरदार में नजर आने वाले हैं। रणवीर सिंह को अलाउद्दीन खिलजी के किरदार में देखा जाएगा।